कैथल में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्रावास रोड पर स्थित पटियाला नर्सिंग होम के नाम से चल रहे अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारा। विभाग की टीम ने अस्पताल संचालक चिकित्सक के खिलाफ पुलिस केस दर्ज करवाया है।
जानकारी के अनुसार वीरवार शाम स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आयुर्वेद अधिकारी के नेतृत्व में छात्रावास रोड पर स्थित पटियाला नर्सिंग होम में छापे मार कार्रवाई की। इस दौरान चिकित्सक से डिग्री सहित अन्य कागजात दिखाने को कहा । चिकित्सक कोई कागजात नहीं दिखा सके। विभाग की टीम ने पुलिस को सूचित किया।
शहर पुलिस को दी शिकायत में जिला आयुर्वेद अधिकारी डा. सुरेन्द्र प्रकाश शर्मा ने बताया कि शिकायत मिली थी कि छात्रावास रोड पर एक नर्सिंग होम में एक व्यक्ति बिना लाइसेंस व डिग्री के दवाइयां बेच रहा है।
शिकायत के आधार पर जब मौके पर जाकर जांच की गई तो न्यू अशोका कॉलोनी निवासी बंशी राम ने स्वयं को नर्सिंग होम का प्रोपराइटर बताया। जब मौके पर बंशी राम ने दवाईयां बेचने के लिए लाइसेंस दिखाने को कहा गया तो वह लाइसेंस नहीं दिखा सका। मौके पर उसके पास कोई डिग्री भी नहीं थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नर्सिंग होम से कई प्रकार की अंग्रेजी दवाइयों को कब्जे में लेकर सील कर दिया है।
पुलिस ने आयुर्वेद अधिकारी की शिकायत पर बंशी राम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विरेन्द्र खर्ब, शहर थाना प्रभारी
अब तक 11 डॉक्टरों के खिलाफ केस दर्ज
पिछले छह महीने से जिले में चलाए जा रहे इस तरह के अभियान में अब तक 11 कथित डॉक्टरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। कई फर्जी चिकित्सक तो केवल आठवीं एवं दसवीं तक पढ़े लिखे पाए गए। लेकिन वे पूरा अस्पताल चला रहे थे।
जिले में फर्जी तरीके से दवा बेचने एवं लोगों को गुमराह करने वालों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
-एम पांडुरंग, डीसी