कैथल। 59वें हरियाणा स्कूल स्टेट टूर्नामेंट के तहत कैथल में आयोजित राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में जिले की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। लड़कियों के अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग में कैथल की टीम ने दमदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 और अंडर-17 दोनों ही वर्ग में कैथल की खिलाड़ी चैंपियन रहीं।
अंडर-14 वर्ग के मुकाबलों में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंची खिलाड़ियों के बीच अलग-अलग भार वर्गों में कड़े मुकाबले देखने को मिले। कैथल की खिलाड़ियों ने शुरुआती मुकाबलों से ही अच्छा प्रदर्शन किया और कई भार वर्गों में पदक अपने नाम किए। अंडर-14 की पदक तालिका में 16 पदकों के साथ कैथल पहले स्थान पर रहा, जबकि 11 पदकों के साथ रोहतक ने दूसरा और 10 पदकों के साथ सोनीपत ने तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता का आयोजन शिक्षा विभाग की ओर से सहायक शिक्षा अधिकारी खेल रमेश चहल की अध्यक्षता में किया जा रहा है। प्रतियोगिता के आयोजन में कुलदीप एईईओ, संदीप कुमार डीपीई, विजेंद्र बेरवाल, जिला प्रधान, नरेश बनवाला, पूर्व जिला प्रधान, निर्मल सिंह, रविंद्र कुमार, मुनित कुमार और शक्ति सिंह ने सहयोग किया। आयोजकों ने पदक जीतने वाली खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलता है। कैथल की खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में जिस तरह का प्रदर्शन किया है, वह जिले में जूडो के बढ़ते स्तर को दर्शाता है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ये रहे प्रतियोगिता के परिणाम...
23 किलोग्राम भार वर्ग में कैथल की रजनी और 40 किलोग्राम भार वर्ग में खुशी ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं 36 किलोग्राम भार वर्ग में अनु ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कैथल की ओर से 27 किलोग्राम भार वर्ग में महक, 32 किलोग्राम में वंशु और 44 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में मन्नत ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा जिले की अन्य खिलाड़ियों ने भी अलग-अलग मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए टीम के पदक तालिका में योगदान दिया।
23 किलोग्राम भार वर्ग में कैथल की रजनी ने पहला स्थान हासिल किया। करनाल की मीत दूसरे और सिरसा की मिताली और पानीपत की अरुशी तीसरे स्थान पर रहीं। 27 किलोग्राम में जींद की निधि ने प्रथम, हिसार की महक ने द्वितीय और सोनीपत की ईशानी और कैथल की मेहक ने तृतीय स्थान हासिल किया।
32 किलोग्राम भार वर्ग में करनाल की प्रियमुष प्रथम, चरखी दादरी की रिद्धि द्वितीय और हिसार की सारिका और कैथल की वंशु तृतीय रहीं। 36 किलोग्राम में सोनीपत की भूमिका मलिक प्रथम, कैथल की अनु द्वितीय व रोहतक की समीक्षा और झज्जर की जाशवी तृतीय रहीं।
40 किलोग्राम भार वर्ग में कैथल की खुशी ने प्रथम स्थान हासिल किया। सिरसा की स्नेहा द्वितीय और पानीपत की तनिशा और सोनीपत की पावनी तृतीय रहीं। 44 किलोग्राम में रोहतक की देवयांशी प्रथम, सोनीपत की मीनाक्षी द्वितीय और भिवानी की भावना और पंचकूला की लिजा तृतीय रहीं। 44 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में रोहतक की कनिका यादव प्रथम, कुरुक्षेत्र की जसप्रीत द्वितीय और कैथल की मन्नत और झज्जर की प्रेक्षा तृतीय रहीं।
जूडो मैच के दौरान के एक दूसरे को पटखनी देने में लगी खिलाड़ी। संवाद
जूडो मैच के दौरान के एक दूसरे को पटखनी देने में लगी खिलाड़ी। संवाद