खुराना रोड सुभाष नगर में बिस्तर की दुकान में आग लगने से लाखों रुपये के बिस्तर जलकर राख हो गए। आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। दमकल विभाग की गाड़ियों की सहायता से आग पर काबू पाया गया।
गोयल बिस्तर भंडार के मालिक भूषण लाल गोयल ने बताया कि हर रोज की तरह से उसने दुकान को शाम को बंद कर दिया था। वीरवार रात्रि करीब डेढ़ बजे के बाद पता चला कि दुकान में आग लग गई है। वह तुरंत दुकान पर पहुंचे। जहां दमकल विभाग को भी सूचित किया। साथ ही आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। तब तक आग काफी फैल चुकी थी और दुकान में रखे बिस्तर भी धू-धू कर जल रहे थे। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंची और आग बुझाई। आग से करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। इसमें दरी, चादर, गद्दे रखे हुए थे।