संवाद न्यूज एजेंसी
कसान। कैलरम गांव को हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे और चंदाना से जोड़ने वाली सड़क इन दिनों बेहद खस्ताहाल हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जबकि कई हिस्सों में सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है। इसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन कैथल शहर और अन्य गंतव्य स्थानों के लिए गुजरते हैं, लेकिन खराब सड़क के कारण हर समय हादसों का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर कई छोटे-बड़े हादसे भी हो चुके हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे की मिट्टी भी कई स्थानों पर दरक चुकी है, जिससे आकस्मिक दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ गई है।
गौरतलब है कि इसी मार्ग पर भंडारण के लिए गोदाम भी स्थित हैं। ऐसे में गेहूं खरीद सीजन के दौरान यहां से अनाज की ढुलाई में भी भारी दिक्कतें आने की संभावना है।
गांव कैलरम के ग्रामीण नरेंद्र और रमेश ने प्रशासन को समस्या से अवगत कराते हुए मांग की है
कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत करवाई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।