कैथल। अवैध शराब की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए कैथल पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को काबू किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 47 बोतल अवैध शराब बरामद की है। तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पहले मामले में टीम ने सूचना के आधार पर पाबसर रोड पर डेरा दारा सिंह के नजदीक नाकाबंदी की। इस दौरान पैदल आ रहे गांव क्योर माजरा निवासी मलकीत सिंह उर्फ जोनी को शक के आधार पर काबू किया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे में मिली प्लास्टिक कैनी से हथकड़ी शराब की 20 बोतल बरामद हुईं। दूसरे मामले में थाना पूंडरी पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव पाई निवासी राजबीर के मकान पर दबिश दी। पुलिस ने राजबीर को काबू कर कमरे की जांच की तो वहां रखी गत्ता पेटियों से देसी शराब की 14 बोतल बरामद हुईं।
तीसरे मामले में टीम ने सूचना के आधार पर खनौरी बाईपास रोड कैथल के पास कार्रवाई की। इस दौरान शक्ति नगर निवासी नसीब सिंह को काबू किया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे में मिले प्लास्टिक कट्टे से देसी शराब की 13 बोतल बरामद हुईं। तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस की ओर से अवैध शराब की बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।