कैथल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल को सांसद खेल स्पर्धा के दौरान सर्कल कबड्डी की विजेता बनी गांव दयौरा (कैथल) टीम के खिलाड़ियों ने खेल नीति के तहत नौकरियां देने की मांग पर ज्ञापन सौंंपा है।
सर्कल कबड्डी के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रवि दयौरा ने कहा कि सर्कल कबड्डी खिलाडिय़ों को भी सरकार खेल नीति के तहत सरकारी नौकरी देने का काम करें, ताकि सर्कल कबड्डी के खिलाड़ी भी अपने भविष्य को लेकर परेशान न रहे। इसके अलावा उन्होंने गांव दयौरा में स्टेडियम व एक सरकारी कोच नियुक्त करने की मांग की।
जिला परिषद वार्ड नंबर सात की सदस्य कमलेश रानी ने सर्कल खिलाडिय़ों के पक्ष में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नाम एक पत्र लिखकर मांग रखी कि पिछली सरकार के दौरान सर्कल कबड्डी के खिलाडिय़ों को नौकरी दी जाती थी और एक बार तो पूरी टीम को पुलिस की नौकरी दी गई थी। उसी प्रकार भाजपा सरकार भी सर्कल कबड्डी खिलाड़ियों की तरफ ध्यान दे। इसके अलावा सांसद खेल स्पर्धा जितने वाली टीम को भी रोजगार दिए जाने का काम भाजपा सरकार करे, ताकि उनका हौसला बढ़े। इस दौरान विधायक लीला राम गुर्जर ने भी खिलाड़ियों की मांगों का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल से उनकी मांग पूरी करने का आग्रह किया। संवाद