कैथल। अंबाला रोड स्थित आरकेएम पैलेस में मंगलवार को जननायक जनता पार्टी की युवा इकाई ने एक बूथ एक योद्धा युवा जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया। इसमें युवा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सांगवान और प्रदेश प्रभारी सुनील राणा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस मौके पर सांगवान ने कहा कि लोकसभा व विधानसभा की सभी सीटों पर जजपा चुनाव लड़ेगी।
कार्यक्रम में बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष प्रो. रणधीर सिंह विशिष्ट अतिथि रहे। इस मौके पर युवा कार्यकर्ताओं को पार्टी नीतियों के प्रचार व प्रसार के लिए कार्य करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अतिथियों ने आने वाले समय में चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार रहने की बात कही गई। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा की तरह जजपा भी चुनाव को लेकर पूरी तरह से अपनी तैयार कर रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जजपा के जिलाध्यक्ष रणदीप कौल व युवा जिला अध्यक्ष जयवीर ढांडा और दर्पण मित्तल ने की। युवा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए युवा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सांगवान ने कहा कि युवा कार्यकर्ता किसी भी संगठन की रीढ़ होते हैं। जजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी युवा कार्यकर्ताओं की है।
उन्होंने कहा कि अगले वर्ष होने वाले चुनाव के लिए कमर कस लें। पार्टी संगठन को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि यदि वे बूथ स्तर पर मजबूत होंगे तो से अपने मिशन 2024 में दुष्यंत चौटाला को सीएम बनाने में सफल होंगे। सांगवान ने कहा कि प्रदेश में युवाओं के प्रति सोच दुष्यंत चौटाला ही रखते हैं। उनकी पार्टी का मुख्य मुद्दा युवाओं को रोजगार देना है।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सभी 90 विधानसभा व 10 लोक सभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। प्रदेश प्रभारी सुनील राणा ने कहा कि जजपा के संगठन मजबूती में युवा कार्यकर्ताओं का सबसे अहम रोल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ-बूथ जाकर युवाओं को पार्टी की नीतियों से अवगत करवाने के लिए कहा। जिलाध्यक्ष रणदीप कौल ने कहा कि एक बूथ एक योद्धा के युवा जिला स्तरीय सम्मेलन सफल रहा है। युवा जिलाध्यक्ष जयवीर ढांडा ने कहा कि जिले के सभी 800 बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओंं को जल्द ही जिम्मेदारी सौंपी जाएंगी।
इस अवसर पर सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन बलजीत मोर, एससी प्रकोष्ठ के प्रभारी प्रीतम कोलेखा, जिला परिषद अध्यक्ष दीप मलिक, रणधीर जौडला, प्रेम ग्योंग, अशोक हरिगढ़, सुभाष सिसला, राजू पाई, बिल्लू चंदाना, बलवान कोटड़ा, जिला पार्षद विजेंद्र सहारण, कर्मवीर फौजी, कृष्ण बाजीगर, बलविंद्र सरपंच जसवंती, अनिल चौधरी आदि मौजूद रहे।