समर कैंप में जानकारी देते विशेषज्ञ।
कैथल। आरोही आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ग्योंग में आयोजित भारतीय भाषा समर कैंप- 2026 के सातवें और अंतिम दिन का समापन हुआ। विभिन्न रोचक, मनोरंजक और ज्ञानवर्धक गतिविधियों ने पूरे विद्यालय परिसर को जीवंत बना दिया। विद्यार्थियों ने पूरे जोश और उमंग के साथ भाग लेते हुए प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कैंप के नोडल हिंदी प्राध्यापक डॉ. विजय कुमार चावला ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक खेलों से हुई। विद्यार्थियों ने सांप-सीढ़ी, लूडो और पासों के खेल के माध्यम से न केवल आनंद प्राप्त किया बल्कि अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ते हुए जीवन मूल्यों, अच्छी व बुरी आदतों और विभिन्न भाषायी कौशलों को भी समझा।
इसके बाद आयोजित शब्द अंताक्षरी प्रतियोगिता कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। विद्यार्थियों को मस्ती मंडली और झूमते सितारे टीमों में विभाजित कर वर्ण पासों के माध्यम से खेल शुरू किया गया। रोमांचक मुकाबले में झूमते सितारे टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक अंक अर्जित कर विजय हासिल की। इस गतिविधि ने विद्यार्थियों की भाषायी दक्षता, रचनात्मकता और त्वरित चिंतन क्षमता को प्रभावी ढंग से उभारने का कार्य किया।
कार्यक्रम का संचालन व संयोजन डॉ. विजय कुमार चावला की ओर से कुशलतापूर्वक किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को भाषा, संस्कृति और सहयोग की भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पंजाबी प्राध्यापक हीरा सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं और उन्हें अपनी जड़ों से जोड़ते हैं।
समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों व रिसोर्स पर्सन को भारतीय भाषा समर कैंप- 2026 के सफल आयोजन में उनके योगदान के लिए प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में राजेश कुमार, कुलदीप और विनोद कुमार का सराहनीय सहयोग रहा। विद्यालय के एसएमसी प्रधान जगपाल ने सभी को विविधता में एकता का संदेश दिया।
समर कैंप में जानकारी देते विशेषज्ञ।