कैथल। जिला नगर योजनाकार विभाग ने जिला प्रशासन के सहयोग से शहरी क्षेत्र चीका के अधीन पड़ने वाली राजस्व संपदा चीका में पनप रही अवैध काॅलोनी में बने रोड नेटवर्क व सीवरेज नेटवर्क को जेसीबी की मदद से ढहा दिया।
जिला नगर योजनाकार राजकीर्ति ने बताया कि डीटीपी कार्यालय का अमला पुलिस बल के साथ अवैध कॉलोनी को हटाने के लिए मशीन सहित दोपहर 12 बजे घटना स्थल पर पहुंचा और एक अवैध काॅलोनी में अवैध रूप से बनी रोड नेटवर्क व सीवरेज नेटवक को हटाने का कार्य किया। राजकीर्ति ने बताया कि कार्यालय के संज्ञान में चीका में अवैध काॅलोनी काटने का मामला आया।
इसके बाद कार्यालय ने भूस्वामियों और प्रॉपर्टी डीलरों को नोटिस जारी करके निर्माण विकसित करने के लिए जरूरी अनुमति प्राप्त करने के बारे में आदेश दिए थे। बावजूद इसके भू-स्वामियों ने न तो मौके पर बनाए जा रहे अवैध निर्माण को रोका और न ही विभाग से किसी प्रकार की अनुमति के लिए आवेदन किया गया।
जिला नगर योजनाकार ने आम लोगों को आगाह किया गया कि वे सस्ते प्लाटों के चक्कर में प्रॉपर्टी डीलरों के बहकावे में आकर अवैध प्लाट नहीं खरीदें। जमीन की खरीद करने से पहले इस कार्यालय से कॉलोनी की वैधता के बारे में पूर्ण जानकारी प्राप्त कर लें। संवाद