संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर का प्रमुख जवाहर पार्क, जहां पर लोग सुबह-शाम सैर करने आते हैं, इस समय बदहाली की कगार पर है। पार्क के रख-रखाव की अनदेखी से यहां आने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पार्क की बेंचें टूटी हुईं हैं, जगह-जगह पर उगी हुई बड़ी-बड़ी घास ने रास्तों को ढक लिया है और चारों तरफ फैली गंदगी से माहौल अस्त-व्यस्त दिखाई दे रहा है। स्थानीय निवासियों ने इन अव्यवस्थाओं को ठीक करने की मांग की है।
पार्क में आए स्थानीय निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वे रोज यहां सैर करने आते थे, लेकिन अब हालत इतनी खराब हो चुकी है कि ठीक से चलना भी मुश्किल है। पार्क में योग करने आईं सावित्री देवी ने कहा कि बड़ी-बड़ी घास और झाड़ियों के कारण बच्चों को यहां लाना सुरक्षित नहीं है। जगह-जगह कुत्ते घूमते रहते हैं जिससे डर बना रहता है।
निवासी अंकित शर्मा ने बताया कि पहले पार्क में शहर के लोग सुकून के पल बिताने आते थे, लेकिन अब यहां पर जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए। कैथल शहरवासियों की यही मांग है कि नगर परिषद इस ओर गंभीरता से कदम उठाए जिससे यह पार्क फिर से लोगों की सैर-सपाटे और बच्चों की मस्ती का केंद्र बन सके।