आरक्षण की मांग को लेकर निकाली जा रही जाट न्याय यात्रा मंगलवार को कैथल पहुंची। दर्जनों गांवों का दौरा कर लोगों को आरक्षण के लिए एकजुट होने का आह्वान किया गया।
राजौंद एरिया के गांव जाखौली में जाट न्याय यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। स्वागत के लिए जाट समाज के लोग भारी संख्या में उमड़े। यात्रा के संयोजक महेंद्र पुनिया व सचिव अशोक बल्हारा ने कहा की जाट समाज के साथ बार-बार समझौते कर सरकार वादाखिलाफी कर रही है। जबकि देश व प्रदेश में मामूली हादसों के शिकार लोगों को भी सरकार मुआवजा व नौकरी की सौगात दे रही है। लेकिन जाट समाज के आंदोलन के दौरान शहीद हुए 21 युवाओं के परिवारों को मुआवजा व नौकरी देना तो दूर की बात बेकसूर जाट युवाओं को जेलों में डाल कर मुकदमे थोप रही है। उन्होंने कहा की भाजपा सरकार की नीयत व कार्यशैली को देखते हुए यही अहसास होता है की जानबूझ सरकार देश व प्रदेश में सत्ता पर काबिज रहने के लिए जाति व धर्म के आधार पर देश की जनता को लड़वाना चाहती है। अशोक बलहारा ने कहा कि जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने सांपला से जाट न्याय यात्रा का शुभारंभ किया था, जो अभी तक प्रदेश के 17 जिलों में जाट के साथ-साथ आरक्षण में शामिल पांच जातियों के लोगों को भी जागरूक कर रहा है। जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी बलवान कोटड़ा, प्रवीन राविश, भरत सिंह बेनीवाल, जोगीराम मलिक ने भी जाट समाज के लोगों से आगामी 29 जनवरी से चलने वाले धरनों को सफल बनाने का आह्वान किया।
पुनिया ने बताया कि न्याय यात्रा पबनावा से चलकर पूंडरी, करोड़ा, सेहरदा, कोटड़ा, जाखौली, कसान, बालू, सौंगरी, गुलियाना व रोहेड़ा गांवों में जाट समाज को जागरूक करने के लिए पहुंची। इस दौरान बलबीर सिंह मलिक, महेंद्र सिंह, सरपंच अनिल मलिक, रतन सिंह चंदाना, दलीपा बालू, अजमेर हरसोला, सोनू सोंगल, बनी सिंह, सुंदर लाल, दिलबाग, ओमप्रकाश करोड़ा सहित भारी संख्या में जाट समाज के लोग मौजूद रहे।
29 जनवरी से पूरे प्रदेश में शुरू होंगे शांतिपूर्ण धरने
महा-आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक महेंद्र सिंह पुनिया ने कहा कि 6 बिरादरी 36 बिरादरी के समर्थन से इस बार अपने हक का आरक्षण लेकर रहेगी। इससे पूर्व उनका गांव फतेहपुर में पहुंचने पर जाट समाज के हरपाल पहलवान, रमेश बिहान, लीलाराम, धर्मबीर, रघुबीर, बलराज, सूरताराम व भीम सिंह आदि ने जोरदार स्वागत किया। ढांड रोड स्थित जाट चौपाल में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार 6 बिरादरी शांतिपूर्ण ढंग व संविधान की मर्यादा में रहकर अपना आंदोलन चलाएगी और एक बड़ी हाजिरी दिखाकर अपना हक लेकर रहेगी। बैठक को अशोक बल्हारा, बलवान कोटड़ा, प्रवीण कैथल, संजय जागलान व रोड समाज से छज्जुराम जांबा ने भी संबोधित किया।
‘आरक्षण हमारा अधिकार है इसे लेकर ही लेंगे दम’
जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय महासचिव महेंद्र सिंह पूनिया ने कहा कि आरक्षण हमारा अधिकार है इसे हर हाल में लेकर ही दम लेंगे। चाहे इसके लिए कितना भी बलिदान क्यों न देना पड़े जाट कौम पीछे नहीं हटेगी। पूर्व में जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान युवा जाटों द्वारा दिए गए बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा। जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय महासचिव महेंद्र सिंह पूनिया गांव पबनावा के बस स्टैंड पर समाज के लोगों को संबोधित कर रहे थे। यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। पबनावा बस स्टैंड पर पहुंचने पर यात्रा का जिला कमेटी सचिव जोगी राम मलिक व जाजनपुर के पूर्व सरपंच मिया सिंह की अध्यक्षता सैकड़ों जाट समाज के लोगों ने जिला कैथल में पहुंचने पर फूल मालाओं के साथ जाट नेताओं का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर जिला प्रधान प्रवीण राविश, जिला कमेटी सचिव जोगी राम मलिक, बलवान कोटड़ा, रतन सिंह जाखौली, बलबीर मलिक, मुख्त्यार सिंह मलिक, सतबीर मलिक, ज्वाहर मल जाजनपुर, हवा सिंह जाजनपुर, शमशेर, हरिपाल, बीरा राम, राजू, जिले सिंह ने भी अपने विचार रखे।
रोड़ बिरादरी ने किया आरक्षण का समर्थन
पबनावा में जाट आरक्षण संघर्ष समिति को रोड़ समाज मंच के प्रदेशाध्यक्ष छज्जू राम जांबा, उप प्रधान महावीर आर्य एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राज कुमार रोड सहित अनेकों रोड़ समाज के लोगों ने अपना समर्थन दिया। इस अवसर पर छज्जू राम जांबा ने कहा कि समस्त रोड़ समाज आरक्षण की लड़ाई में जाट समुदाय के साथ है।