कैथल। जाट हाई स्कूल सोसायटी के कॉलेजियम का चुनाव दो फ़रवरी को होगा। इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। यह जानकारी एडीसी एवं जाट हाई स्कूल सोसायटी के प्रशासक दीपक बाबूलाल करवा ने दी है। बताया कि चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न करवाने के लिए 30 टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में तीन सदस्य हैं, इनमें एक पीठासीन अधिकारी व दो चुनाव अधिकारी शामिल हैं। जिन अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव में लगी है, उन्हें शनिवार को अंतिम प्रशिक्षण दिया जाएगा। बताया कि इसमें 46 कॉलेजियम निर्विरोध चुने जा चुके हैं। कॉलेजियम नंबर 23, 52 व 71 में कोई नामांकन सही नहीं पाए जाने के कारण खाली रह गए हैं। अब कुल 26 कॉलेजियम में कुल 55 उम्मीदवार मैदान में हैं और इन 26 कॉलेजियम में कुल 5611 मतदाता हैं। आगामी दो फरवरी को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक जाट कॉलेज कैथल में मतदान होगा। उसी दिन शाम को परिणाम घोषित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतदान के समय सोसाइटी द्वारा जारी किया गया पहचान पत्र व साथ में सरकार की ओर जारी किया गया कोई भी पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोट कार्ड साथ लेकर जरूर आए।