जिले में डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को डेंगू के 35 नए संदिग्ध मरीजों के सेंपल लेकर जांच के लिए भेजे। अब तक 160 से अधिक मरीजों के सेंपलों की जांच हो चुकी है। वहीं शाह अस्पताल में एक जापानी बुखार का संदिग्ध मरीज आया है। जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
विदित रहे कि जिले भर में करीब 50 से अधिक लोगों को डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को शहर की कई कालोनियों में जांच अभियान चलाया। एमपीएचडब्ल्यू सुरेंद्र कुमार ने बताया कि अशोक गार्डन कालोनी में 5 जगह डेंगू का लारवा पाया गया।
उधर, शाह अस्पताल में जापानी बुखार का संदिग्ध मरीज पहुंचा। क्योड़क से एक महिला को हालत गंभीर होने पर अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जिसकी हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में रखा गया है। वर्ष 2011 में जापानी बुखार से जिले में 7 लोगों की मौत हुई थी।
जिला डिप्टी सिविल सर्जन डा. देवेंद्र कुमार ने बताया कि जिले भर में डेंगू की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। कई टीमें बनाकर फोगिंग, एंटी लारवा का छिड़काव करने के साथ-साथ लोगों को जागरुक करने के लिए उनके घरों में खड़े पानी में डेंगू का लारवा दिखाया जा रहा है। सोमवार को 35 मरीजों के सेंपल लिए गए हैं। जिनकी जांच की जा रही है।