संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जॉर्डन में आयोजित सब-जूनियर एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप भारत का प्रतिनिधित्व कर मुक्केबाज जन्नत के स्वर्ण पदक जीतने पर उसे सर छोटू राम इंडोर स्टेडियम बॉक्सिंग अकादमी में सम्मानित किया।
गौरतलब है कि मुक्केबाज जन्नत ने 54 किलोभार वर्ग की प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लिया था। यह प्रतियोगिता गत 21 अप्रैल से एक मई तक आयोजित किया। जन्नत का फाइनल मुकाबला उज्बेकिस्तान की खिलाड़ी के साथ हुआ था।
कोच राजेंद्र सिंह व गुरमीत ने बताया कि प्रतिभाशाली बॉक्सर जन्नत ने इस प्रतियोगिता में जीत हासिल कर एक बार फिर से इतिहास रचा है। अम्मान के जॉर्डन में आयोजित सब-जूनियर एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए जन्नत ने स्वर्ण पदक जीतकर न सिर्फ देश का, बल्कि हरियाणा का भी नाम रोशन किया। यह जीत उनके अथक परिश्रम, समर्पण और आत्मविश्वास का प्रमाण है।
जन्नत के कोच अमरजीत ने बताया की जन्नत कैथल के छोटे से गांव कुलतारन की प्रतिभाशाली बॉक्सर है। हरियाणा बॉक्सिंग संघ के प्रधान मेजर सत्यपाल संधू सचिव रवींद्र पन्नू ,विक्रम ढुल एवं सभी पदाधिकारियों की समर्पित टीम को इस ऐतिहासिक उपलब्धि में अहम भूमिका निभाने के लिए हार्दिक बधाई है।
जन्नत की सफलता यह साबित करती है कि यदि मार्गदर्शन, और आत्मविश्वास हो तो कोई भी सपना असंभव नहीं है। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी राजरानी एवं कोच गुरमीत, विक्रम ढुल और राजेंद्र सिंह, सुनील डीपी, प्रशांत ,राजेश, सतीश ढुल, देवेंद्र ढुल ने जन्नत को बधाई दी।