ढांड। कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सचिव उपेंद्र सिंघल ने जाजनपुर में जम्दग्नि ऋषि कुंड का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि जल्द ही इसका जीर्णोद्धार शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जमदग्नि ऋषि कुंड का इस प्रकार से सुंदरीकरण किया जाएगा कि दूरदराज से ज्यादा पर्यटक इसे देखने के लिए यहां आएंगे।
उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र के 48 कोस की परिधि में आने वाले सभी तीर्थ स्थलों को कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के अधीन लिया गया है। इनके जीर्णोद्धार व रखरखाव का कार्य विकास बोर्ड करेगा। जीर्णोद्धार के लिए कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की ओर से एक प्रस्ताव पारित कर सरकार के पास भेजा है।
इसके मंजूर होते ही इसके सुधारीकरण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि कुरुक्षेत्र के 48 कोस के तहत आने वाले तीर्थ स्थलों की परिक्रमा का कार्यक्रम चल रहा है।
इसमें जाजनपुर के 50 लोगों के समूह को 48 कोस की परिधि के अंदर समस्त तीर्थ स्थलों का भ्रमण महंत गंगा मुनि के नेतृत्व में गाइड के साथ विकास बोर्ड की ओर से कराया जाएगा। जिसमें बुजुर्ग महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल होंगे।
ग्रामीणों की ओर से तीर्थ के रख रखाव से सचिव काफी प्रभावित हुए और कहा कि प्राचीन तीर्थ स्थल हमारी धरोहर है। इन धरोहरों को संभाल कर रखना हमारा कर्तव्य बनता है। जिससे हमारी आने वाली पीढिय़ां हमारी संस्कृति के बारे में जान सकें।
गौरतलब है कि पिछले साल दिसंबर के महीने में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने भी यहां का दौरा किया था। तब जमदग्नि ऋषि सेवा ट्रस्ट के संस्थापक महंत गंगा मुनि व सरपंच जोगिंद्र शयोकंद ने बोर्ड का आभार जताया था।