संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/पूंडरी। डीसी प्रशांत पंवार एवं एसपी उपासना ने जांबा गांव का दौरा किया और वहां पर किए गए विकास कार्यों का निरीक्षण किया। शहर जैसी सुविधाएं देखकर उन्होंने खुशी जताई कि विकास मॉडल के रूप में यह गांव उभर रहा है।
इस मौके पर उन्होंने गांव में बनाए गए चिल्ड्रन पार्क का उद्घाटन किया और वहां पर पौधरोपण करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने गांव में ग्राम पंचायत द्वारा गांव वासियों के सहयोग से गांव में किए गए विकास कार्यों की सराहना की और ग्राम वासियों को बधाई दी।
डीसी प्रशांत पंवार ने कहा कि अगर सभी ग्राम वासी मिलकर काम करें तो एक अच्छा वातावरण बनता है। जांबा गांव में शहर की तर्ज पर सभी सुविधाएं, जैसे स्ट्रीट लाईट, सीसीटीवी कैमरा, पार्क, साफ-सफाई आदि मौजूद हैं। गांव को देखकर ऐसा लगता है, जैसे आप किसी सेक्टर में रह रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जांबा गांव विकास के मामले में जिला में एक मॉडल के रूप में उभरकर सामने आया है। अन्य ग्राम पंचायतों को भी इस गांव से प्रेरणा लेनी चाहिए। जांबा गांव के सरपंच लाभ सिंह ने बताया कि उन्होंने रूरल डवेलपमेंट सोसायटी बनाई हुई है। इस सोसायटी के तहत गांव वासियों ने मिलकर बच्चों के चिल्ड्रन पार्क बनाया है। इसके अलावा इस सोसायटी के तहत जांबा गांव सहित कस्बे के लगभग 55 गांवों को गोद करके साफ सफाई का कार्य किया जाता है।
गांव में चार-पांच गेट हैं। रात को चार गेट बंद कर दिए जाते हैं और गेट पर खुला रहता है जहां पर एक चौकीदार को तैनात किया गया है।