गुहला-चीका। घग्गर नदी में जलस्तर लगातार बढ़ने के बाद लोगों ने सोमवार शाम के समय प्रशासन की कार्रवाई से असंतुष्ट होकर चीका-पटियाला स्टेट हाईवे को जाम कर दिया। ग्रामीण गुुरी, गुरजंट, चमकौर, रणदीप, ज्ञान सिंह, सुरेश कुमार व दलबीर सिंह ने बताया कि घग्गर नदी के साथ लगती हांसी-बुटाना नहर में जगह-जगह घुरलू (मोघे) हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन ने उन्हें रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।
लोगों का आरोप था कि वे अधिकारियों को फोन कर लगातार यह मांग कर रहे थे कि घुरलुओं को रोकने के लिए जल्द जेसीबी मशीनें भेजी जाएं, ताकि घुरलू बंद किए जा सकें। ग्रामीणों ने बताया कि यदि ये घुरलू बंद ना हुए तो ये कभी भी अपना रौद्र रूप दिखा सकते हैं। यदि ऐसा हो गया तो फिर घग्गर नदी में पानी बढऩे से लोगों का नुकसान होगा ही। वहीं, हांसी बुटाना नहर से भी बड़े स्तर पर लोगों के जान व माल का नुकसान की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता।
करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा। उधर, इसकी जानकारी मिलने के बाद एसडीएम ज्योति मित्तल दलबल सहित मौके पर पहुंची। एसएचओ चीका शिव कुमार शर्मा भी पुलिस बल के साथ पहुंचे। एसडीएम ज्योति मित्तल ने भी ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे जाम खोल दें और प्रशासन का सहयोग करें और तुरंत जेसीबी मंगवाकर घुरलू बंद करवा दिए जाएंगे। अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। घग्गर नदी का जलस्तर खतरे के निशान पर पहुंच गया तो प्रशासन के हाथ पांव फूल गए और आनन-फानन में ग्रामीण इलाकों में मुनियादी करवा दी।
लोगों से किया प्रभावित लोगों की मदद करने का आह्वान
एसडीएम ज्योति मित्तल ने शहर की विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं के साथ बैठक की। उन्होंने संस्थाओं से बाढ़ से संभावित खतरे को देखते हुए प्रभावित लोगों की मदद करने का आह्वान किया। एसडीएम ने संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ-साथ समाजसेवी संगठनों व आम लोगों को भी मदद के लिए आगे आना होगा ताकि जरूरतमंद लोगों को सहायता पहुंच सके। उन्होंने कहा कि हालांकि अभी पानी का स्तर खतरे के निशान से नीचे चल रहा है परंतु एहतियात के तौर पर सहायता के लिए हम सभी को तैयार रहना होगा। इस मौके पर श्री सनातन धर्म महावीर दल के प्रधान सत्य प्रकाश गर्ग व नेकी का घर संस्था के प्रधान सागर भारद्वाज ने एसडीएम को आश्वस्त किया कि वे शीघ्र अपनी-अपनी संस्थाओं की बैठक बुलाएंगे।