संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। कस्बा में धान के सीजन के दौरान जाम की स्थिति बनी हुई है। कस्बे की लगभग हरेक सड़क पर धान की ढेरियां लगी हुई है। नतीजा, जगह-जगह जाम लगने की समस्याएं हो रही हैं।
यहां तक की कैथल करनाल मुख्य मार्ग पर गुरु ब्रह्मानंद चौक के पास भी एक साइड धान की ढेर लग गए है। पहले चुनाव के समय एक महीने से भी ज्यादा जाम की स्थिति बनी रही है और उसके बाद धान की खरीद न होने से गुस्साए किसानों ने गुरु ब्रह्मानंद चौक पर तीन दिन तक जाम लगाकर रखा।
इससे शहरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अब धान के सीजन और अवैध अतिक्रमण के चलते पूंडरी कस्बा एक बार फिर से जाम का शिकार हो रहा है लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा।
दूसरी ओर अवैध अतिक्रमण के चलते कस्बे में हर तरफ जाम की स्थिति बनी रही है, लेकिन संबंधित विभाग का कोई भी अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। शहीद गिरधर चौक पर कुछ दिन पहले नाला साफ करने के लिए एक गड्ढा खोदा गया था जो कि अभी तक बंद नहीं किया गया। इस कारण दुर्घटना का भी अंदेशा बना हुआ है।