सीवन। कैथल-पटियाला मुख्य मार्ग पर मेन बाजार में उस समय जाम की स्थिति पैदा हो गई जब एक ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क के बीच में ही फंस गई।
इस कारण से मेन रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। काफी मशक्कत के बाद चालक ने ट्रैक्टर को सही प्रकार से मोड़ा और उसके बाद जाम खुल सका। कैथल पटियाला मुख्य मार्ग व्यस्त मार्ग है और नगर में डिवाइडर बनने के बाद से सड़क संकरी हो गई है। ऐसे में यदि कोई यदि रुक जाता है तो उसके पीछे वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और जाम लग जाता है। जब से कांगथली में पराली से बिजली बनाने का पावर स्टेशन लगा है तब से इस रोड पर ओवरलोड ट्रॉलियों की संख्या बहुत अधिक बढ़ गई है। पराली की गांठों से भरी हुई ट्रालियां जो कैथल की ओर से आती हैं वह सीवन में जाम लगा देती हैं। यह ट्रैक्टर चालक ओवर लोड वाहन को सड़क के बीच में चलाते हैं और पीछे से आने वाले वाहनों को आगे जाने का रास्ता तक नहीं देते हैं। ऐसे में हमेशा ही इन ट्रैक्टरों के पीछे वाहनों की कतारें लगी होती हैं। कई बार यह ओवरलोड ट्रॉलियां सड़क पर पलट भी चुकी हैं लेकिन अभी तक प्रशासन इन ओवरलोड वाहनों के बारे में कुछ नहीं कर रहा है। लोगों ने बाइपास बनाने की मांग की है।