संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सिसला गांव निवासी जगदीप धनखड़ का शव ढाई महीने बाद बुधवार को पहुंचेगा। सुबह करीब पांच बजे दिल्ली से शव लेकर परिजन रवाना होंगे और लगभग 10 बजे सिसला में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
परिजन दीपक कुमार ने बताया कि मार्च 2025 में जगदीप धनखड़ रोजगार के सिलसिले में स्पेन गया था, जहां वह खेती-बाड़ी से जुड़ा काम कर रहा था। 21 नवंबर को परिजनों को मोबाइल फोन के माध्यम से सूचना मिली कि जगदीप की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई है। इसके बाद से ही प्रशासन और सरकार से संपर्क कर शव को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की गई। परिजनों के अनुसार जगदीप धनखड़ कर्ज लेकर विदेश गया था। परिवार के पास करीब डेढ़ एकड़ जमीन है। उनके पिता राधा का करीब दस वर्ष पहले निधन हो चुका है, जबकि माता मूर्ति देवी बीमार रहती हैं। परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी जगदीप पर ही थी, इसी कारण वह कमाई की उम्मीद में विदेश गया था।
मृतक तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसके दो छोटे बच्चे हैं- एक चार वर्षीय बेटा और छह माह की बेटी। परिवार में कमाने वाला एकमात्र सदस्य होने के कारण जगदीप की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है, ताकि बच्चों की परवरिश और परिवार का पालन-पोषण किया जा सके।