संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शुक्रवार को पहली मेरिट लिस्ट कम सीट अलॉटमेंट जारी होने पर शनिवार को भी आईटीआई में पूरे दिन दस्तावेज सत्यापन करवाते हुए दाखिल लेने वाले विद्यार्थियों का आगमन होता रहा। दाखिले को लेकर पूर्ण प्रबंध किए गए हैं।
प्राचार्य सतीश मच्छाल और दाखिला कमेटी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह वर्ग अनुदेशक ने बताया कि दाखिले को लेकर रविवार को भी आईटीआई खुली रहेगी तथा विद्यार्थी आकर अपना दाखिला ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार तक संस्थान में 130 दाखिले किए गए हैं।
कैथल के आईटीआई में 1224 सीटों के प्रति प्रदेश में सर्वाधिक करीब 12000 आवेदन पहुंचे हैं। विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी की गई। प्रथम मेधा सूची में 735 सीट जारी की गई हंै। ऐसे में इन विद्यार्थियों को दस्तावेज सत्यापन करवाने के लिए दो जुलाई तथा फीस भरने के लिए तीन जुलाई निर्धारित की है।
प्रदेश के अधिकतर राजकीय आईटीआई में रविवार को अवकाश होने के बावजूद भी दाखिला कमेटियों द्वारा दाखिला किया जाएगा। जिन विद्यार्थियों को सीट जारी संबंधित मैसेज मिला है तो वे
ऑनलाइन पोर्टल से अपना सीट अलॉटमेंट लेटर लेकर संबंधित आईटीआई में जाकर दाखिला ले सकेंगे।
दो जुलाई तक करवा सकेगे फिजिकल सत्यापन ः पहली वरीयता सूची में जिन विद्यार्थियों को सीट अलॉटमेंट की गई हैं तो वे दो जुलाई तक संबंधित आईटीआई में जाकर अपने मूल दस्तावेजों के साथ फिजिकल सत्यापन करवा सकते हैं। इसके बाद विद्यार्थी को ऑनलाइन पोर्टल पर ही तीन जुलाई तक अपनी फीस जमा करवानी होगी। जो विद्यार्थी फीस जमा नहीं करवाएंगे उनकी सीट रद्द हो जाएगी।
सीट अलॉटमेंट पर रद्द करवाने को लेकर देना होगा 500 रुपये जुर्माना ः जिन विद्यार्थियों को पहली मेरिट में सीट अलॉट हुई है, लेकिन यदि विद्यार्थी उस सीट पर दाखिला नहीं लेना चाहता तथा अपनी च्वाइस बदलना चाहता है तो इसके लिए उसे चार जुलाई को पोर्टल पर 500 रुपये जुर्माना अदा करना होगा। यदि जुर्माना अदा नहीं किया तो उसकी च्वाइस लॉक हो जाएगी तथा वह आगामी मेरिट लिस्ट में भाग नहीं ले सकेगा।
-पहली मेरिट लिस्ट में नाम आने वाले विद्यार्थी दो जुलाई तक दस्तावेज सत्यापन करवाते हुए तीन जुलाई तक दाखिला ले सकेेंगे। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे जल्द से जल्द दाखिला लें। विद्यार्थी दस्तावेज सत्यापन के लिए सभी मूल प्रमाण पत्र साथ लेकर आएं। -सतीश मच्छाल, आईटीआई के जिला नोडल अधिकारी।