संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आईटीआई में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को जल्दबाजी में फार्म में भरी गई कोर्स का विकल्प भारी पड़ता नजर आ रहा है। विद्यार्थियों को अब अलॉट की गई सीट में दाखिला न लेने तथा दूसरी कोर्स में विकल्प भरने के लिए 500 रुपये जुर्माना अदा करना होगा।
कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने सात जून से 25 जून तक ऑनलाइन फार्म भरने का शेडयूल जारी किया गया था। इसके बाद 28 जून को पहली मेरिट लिस्ट कम सीट अलाटमेंट जारी की गई थी। इसमें आईटीआई में प्राप्त सीट अनुसार करीब 60 प्रतिशत सीट अलॉट की गई थी। मंगलवार को पहली मेरिट लिस्ट कम सीट अलाटमेंट की दस्तावेज सत्यापन की अंतिम तिथि थी।
बताया जा रहा है कि पहली मेरिट लिस्ट कम सीट अलाटमेंट के कुल 50 प्रतिशत विद्यार्थियों ने ही दाखिला लिया है। शेष 50 प्रतिशत विद्यार्थियों ने अपनी पसंद अनुसार कोर्स न मिलने को लेकर दाखिला नहीं लिया। अब ये सभी विद्यार्थी यदि दूसरी काउसंलिंग में भाग लेना चाहते हैं तो इन्हें दस्तावेज सत्यापन करवाते हुए विभागीय पोर्टल पर छात्र को 500 तथा छात्रा को 250 रुपये जुर्माना अदा करना होगा। यदि ये विद्यार्थी जुर्माना अदा नहीं करेंगे तो इनकी आप्शन लॉक रहेगी तथा ये आगामी काउसंलिंग में भाग नहीं ले सकेंगे। ऐसे में विभाग को इन विद्यार्थियों से लाखों का जुर्माना हासिल होगा।
यूं होती है आप्शन गलत ः दस्तावेज सत्यापन करवाने आए विद्यार्थियों ने कहा कि उन्हें इस बारे पूर्ण जानकारी नहीं थी। इसलिए उन्होंने फार्म में 10 कोर्स भर दिए। अब उन्हें लिस्ट में से मेरिट के अनुसार आठवें कोर्स की सीट अलाट हुई है, लेकिन वे इसमें दाखिला नहीं लेना चाहते।
एक छात्रा ने बताया कि उसने एक कंप्यूटर सेंटर से फार्म अप्लाई किया था। उसने उसकी पांच च्वाइस भर दी। उसे भी पांचवी च्वाइस का कोर्स अलाट हुआ है, लेकिन वह इसमें दाखिला नहीं लेना चाहती।
आप्शन भरते समय रखें ध्यान ः विद्यार्थियों को चाहिए कि वे जिस कोर्स में दाखिला लेना चाहते हैं तो आप्शन में केवल वही कोर्स भरें। कोर्स भरते समय में विद्यार्थी अपने प्राप्त अंक और आईटीआई का ध्यान रखें। बता दें कि शहरी की बजाय ग्रामीण क्षेत्र की आईटीआई की मेरिटकम है। इसके साथ ही राजकीय आईटीआई कैथल की मेरिट प्रदेश में सर्वाधिक ऊंची है क्योंकि यहां प्राप्त सीटों पर 10 गुना फार्म प्राप्त हुए हैं।
आईटीआई कैथल के दाखिला कमेटी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह वर्ग अनुदेशक ने बताया कि मंगलवार को पहली मेरिटलिस्ट कम सीट अलाटमेंट के करीब 50 प्रतिशत युवाओं ने दाखिला लिया है। काफी संख्या में युवा दस्तावेज सत्यापन के लिए पहुंच रहे हैं। वे दूसरी मेरिट सूची में भाग लेना चाहते हैं। दूसरी मेरिट सूची 9 जुलाई को जारी होगी।