संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से वीरवार को आईटीआई की पहली मेरिट लिस्ट और सीट अलॉटमेंट जारी किया जाएगा। विद्यार्थी लंबे समय से इस सूची का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
मेरिट सूची जारी होने के साथ ही दाखिला प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। सूची में नाम आने वाले विद्यार्थी 3 जुलाई से संबंधित आईटीआई में जाकर अपने मूल प्रमाण पत्रों की जांच करवाते हुए दाखिला ले सकेंगे। विभाग की ओर से 6 जून से ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया शुरू की गई थी। पहले चरण में फार्म भरने की अंतिम तिथि 20 जून निर्धारित थी, लेकिन कम आवेदन आने के कारण इसे 28 जून तक बढ़ा दिया गया।
विद्यार्थियों का सत्यापन अनिवार्य ः कर्मचारियों ने बताया कि सूची में जिन विद्यार्थियों का नाम आएगा, उन्हें दस्तावेज सत्यापन (डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन) करवाना अनिवार्य होगा। यदि कोई विद्यार्थी अलॉटेड सीट पर दाखिला नहीं लेना चाहता, तब भी उसे सत्यापन करवाना जरूरी है, अन्यथा वह दूसरी मेरिट सूची में शामिल नहीं हो सकेगा।
ऑनलाइन फीस जमा कराना होगा जरूरी ः जिनको सीट अलॉट होगी, वे मूल प्रमाण पत्रों के साथ सीट अलॉटमेंट की प्रति भी साथ लेकर आएंगे। यह अलॉटमेंट पत्र विद्यार्थी अपने ऑनलाइन पोर्टल से डाउनलोड कर सकते हैं। प्रमाणपत्रों की प्रतियां भी जमा करनी होंगी।
दाखिले के लिए दाखिला समितियों का गठन और हेल्प डेस्क भी स्थापित कर दिया गया है। जिन विद्यार्थियों को सीट अलॉट होगी, वे तुरंत संबंधित संस्थान में पहुंचकर दाखिला लें। -सतीश मच्छाल, नोडल अधिकारी, आईटीआई