कैथल। लोक निर्माण एवं उद्योग मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मंगलवार को आईटीआई परिसर में पांच करोड़ 73 लाख की लागत से बने विस्तार भवन का उद्घाटन किया। इस भवन में 12 कोर्सों के 17 यूनिटों के 378 बच्चों को बैठने की सुविधा होगी।
इस दौरान सुरजेवाला ने तीन करोड़ की लागत से लाई नई मशीनों का भी शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि आजादी के 58 साल बाद वर्ष 2005 तक एक आईटीआई थी। जिसमें केवल 400 सीटें थीं। लेकिन पिछले नौ सालों में जिले में पांच नई आईटीआई का शुभारंभ किया गया है तथा सीटों की संख्या बढ़कर 1700 हो गई है।
‘बच्चों को स्वावलंबी बनाना लक्ष्य’
विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा प्रदान करके उन्हें स्वावलंबी बनाना हमारा मुख्य लक्ष्य है, ताकि विद्यार्थी अपने हाथ के हुनर को तराश कर प्रदेश व देश के विकास में अपना अहम योगदान दे सकें। इस नए विस्तार भवन में विद्यार्थियों को 12 व्यवसायों की 17 यूनिटों में 378 छात्रों को दाखिले दे दिए गए हैं। वर्ष 2006-07 में अकेले कैथल शहर में स्थित राजकीय आईटीआई में 15 व्यवसायों के 26 यूनिटों में 448 विद्यार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। वहीं अब संस्थान में वर्ष 2013-14 केे शैक्षणिक सत्र में विभिन्न व्यवसायों के 66 यूनिटों में 1381 विद्यार्थी प्रशिक्षण ग्रहण कर सकेंगे, जिनमें से 465 सीटें केवल अनुसूचित जाति व जन जाति के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित की गई है।
ये सुविधाएं मिलेंगी बच्चों को
आईटीआई के प्रिंसिपल भूपेंद्र पाल ने बताया कि विस्तार भवन के प्रथम तल पर तीन वर्कशॉप, 12 क्लास रूम, एक कंप्यूटर लैब, एक लाइब्रेरी तथा एक थ्यौरी रूम है। उन्होंने कहा कि लगाई गई आधुनिक मशीनों में सीएनसी, चार लेथ मशीन, एक पिलर टाईप ड्रिलिंग मशीन, दो यूनिवर्सल और एक प्लेन मीलिंग मशीन तथा एक हाइड्रोलिक सरफेस ग्राइंडर शामिल हैं।
बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किया
कार्यक्रम में आईटीआई के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए तथा लोक निर्माण मंत्री ने विस्तार भवन के निर्माण में योगदान देने वाले निर्माण एजेंसी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता सहित अन्य कामगारों को भी सम्मानित किया। वाल्मीकि समुदाय के प्रतिनिधि राजेश बहादुर ने लोक निर्माण मंत्री द्वारा एससीएसपी स्कीम के तहत बनाए गए संस्थान के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्य आईटीआई आईएमसी सोसायटी के चेयरमैन नरेंद्र मिगलानी, आरकेएसडी संस्थाओं के प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सतीश बंसल, राजपाल कादियान, महिला आईटीआई आईएमसी सोसायटी के चेयरमैन वायस चेयरमैन सुरेश सचदेव, सतीश जैन, सुभाष गोयल, कृष्ण जैन, बसंत जैन, प्यारे लाल वर्मा और प्रदर्शन मौजूद रहे।