कैथल। करनाल मंडल के पुलिस महानिरीक्षक सतेंद्र कुमार ने शनिवार को न्यायिक मालखाने में रखी एनडीपीएस एक्ट मामलों में बरामद केस संपत्ति को जांच के बाद सील करवा दिया। पुलिस प्रवक्ता प्रदीप नैन ने बताया कि कैथल पुलिस की ओर से 31 मामलों में बरामद किए गए नशे के सामान को नष्ट करने की प्रक्रिया चल रही है। इसमें डोडापोस्त, चूरापोस्त, गांजा, चरस, हेरोइन, दवाएं और स्मैक शामिल हैं। आईजी और डिस्पोजल कमेटी के सदस्य एसपी करनाल गंगा राम पूनिया ने एसपी कैथल मकसूद अहमद के साथ मालखाने की जांच की। प्रवक्ता ने बताया कि विचाराधीन चल रहे 31 मामलों के नमूने सुरक्षित रखने के बाद माल मुकदमा को नष्ट किया जाना है। इस दौरान डीएसपी कुलवंत सिंह, मालखाना इंचार्ज एसआई कृष्णपाल और एचसी होशियार सिंह मौजूद रहे। जांच प्रक्रिया के बाद मुख्य मालखाना कक्ष के ताले को आईजी ने सील करवा दिया। उक्त नशे को ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा करनाल स्थित गांव बजीदा जाटान की वेस्टेज फैक्ट्री में जल्द ही नष्ट किया जाना है। पुलिस महानिरीक्षक को इससे पूर्व मालखाने में पहुंचने पर सलामी गार्द द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद एसपी मकसूद अहमद ने आईजी और एसपी करनाल गंगाराम पूनिया को स्मृति स्वरूप पौधे भेंट किए।