संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हॉकी के अंतरराष्ट्रीय खेल मैदान हाबड़ी में युवा हॉकी क्लब हाबड़ी एवं समस्त ग्राम के सहयोग से वीरवार को तीन दिवसीय ऑल इंडिया हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहला मैच भिवानी और आईटीबीपी जालंधर के बीच खेला गया। इसमें आईटीबीपी जांलधर ने 10-1 से भिवानी को मात दी।
प्रतियोगिता का शुभारंभ ब्लॉक पूंडरी के सरपंच एसोसिएशन के प्रधान एवं गांव हाबड़ी के सरपंच गुरिंद्र सिंह ने खिलाड़ियों का परिचय लेकर किया। खेल एईओ रमेश चहल भी उपस्थित रहे। सुबह 11 बजे से प्रतियोगिता शुरू हुई जो देर शाम तक जारी रही। कई जिलों की आठ टीमों ने इसमें हिस्सा लिया। यह प्रतियोगिता लगातार तीन दिन तक जारी रहेगी। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाली टीम को एक लाख और द्वितीय रहने वाली टीम को 71 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। इस प्रतियोगिता में लीग कम नॉकआउट मैच खेले गए। पहले दिन शाम पांच बजे तक तीन मैचों के परिणाम घोषित किए हुए।
दूसरा मैच नरवाना इलेवन और युवा हॉकी क्लब हाबड़ी का हुआ, जिसमें युवा हॉकी क्लब हाबड़ी ने 6-1 से नरवाना इलेवन को हराया। तीसरा मैच सीआरजेड सोनीपत ओर वेस्ट जालंधर के मध्य हुआ, जिसमें सीआरजेड सोनीपत ने 2-1 से वेस्ट जालंधर को हराया। जो परिणाम शेष रहे हैं वह शुक्रवार को घोषित किए जाएंगे।
इन टीमों ने लिया हिस्सा ः आईटीबीपी जालंधर, नरवाना इलेवन, भिवानी, युवा हॉकी क्लब हाबड़ी, एनसीओई सोनीपत, वेस्ट जालंधर, सीएजेड सोनीपत, शाहाबाद इलेवन की टीम ने हिस्सा लिया। इन टीमों में 144 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। इन सभी खिलाड़ियों के रहने व खाने की व्यवस्था हाबड़ी खेल मैदान में ही की गई है।