गुहला-चीका। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी शुक्रवार को चीका में पिहोवा रोड स्थित अमर सिटी में भारतीय किसान यूनियन के युवा जिला महासचिव किंदर ठेकेदार के निवास स्थान पर पहुंचे। इस अवसर पर चढूनी ने कहा कि किसान संगठन एक बाप के चार बेटों के समान हैं इसलिए किसान हितों की लड़ाई के लिए एकजुट होना अति आवश्यक है।
गौरतलब है कि किसानों की मांगों के संदर्भ में जेल में रहने के बाद बाहर आने के बाद उनका चीका का पहला दौरा है, जहां किसानों ने पूरे उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया। चढूनी ने कहा कि विभिन्न किसान संगठन की विचारधारा अलग-अलग हो सकती है। किसान संगठनों का अपना अपना काम करने का तरीका है लेकिन जब बात किसानों के हितों की आती है तो तमाम किसान संगठन अपने दूसरे संगठन रूपी भाई का साथ देने पहुंच जाते हैं। यह एकजुटता कायम रहनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण खेती किसानी को करने में लागत बढ़ती जा रही है। इस अवसर पर राज्य उपाध्यक्ष सुभाष भागल, जिला उपाध्यक्ष चमकौर सिंह बनेड़ा, केवल सिंह सदरहेडी, आईटी सेल के प्रभारी जरनैल सिंह जैली, जयपाल पूनिया भी मौजूद रहे।