कैथल। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से कैथल एवं पूंडरी शहर के चयनित विद्यालयों में स्कूल जागरूकता अभियान का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में जल संरक्षण, स्वच्छ जल प्रबंधन तथा जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा। जल संरक्षण एवं स्वच्छ जल प्रबंधन विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित कराई गई। इसमें पूंडरी की इशिता और कैथल की निर्मला प्रथम स्थान पर रही।
पूंडरी में 50 तथा कैथल में 54 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को प्रशंसा प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। पुंडरी में यह कार्यक्रम एंग्लो संस्कृत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुंडरी में प्रिंसिपल गीता केश्वर की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जबकि कैथल में स्वतंत्रता सैनानी श्री चंदू राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैथल में प्रभारी नीरु शर्मा की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के सुमन, रीना, नितिन कुमार, अंजु शर्मा, प्रियंका खुराना, देवेंद्र भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला सलाहकार दीपक कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को जल के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि जल जीवन का आधार है और इसकी प्रत्येक बूंद अमूल्य है। यदि वर्तमान समय में जल संरक्षण के प्रति गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो भविष्य में गंभीर जल संकट उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने घरों में पानी का दुरुपयोग रोकें तथा वर्षा जल संचयन जैसे उपायों को अपनाने के लिए परिवारजनों को प्रेरित करें। बताया कि अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत कैथल और पुंडरी के 6 विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित करवाई गयी जिसमें 308 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वो जल संरक्षण का संदेश घर-घर जाकर लोगों को दे।
प्रतियोगिता परिणाम
पूंडरी:
8वीं कक्षा के इशिता – प्रथम स्थान
7वीं कक्षा के निशिका गोयल – द्वितीय स्थान
7वीं कक्षा की ज्योति – तृतीय स्थान
कैथल:
7वीं कक्षा की निर्मला – प्रथम स्थान
8वीं कक्षा की मन्नत – द्वितीय स्थान
6वीं कक्षा की हंसीता – तृतीय स्थान