संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला चीका। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) का राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन 23 मार्च को नरवाना में होने जा रहा है। शुक्रवार को गुहला के गांव हरिगढ़ किंगन में हुई बैठक में इसमें शामिल होने के लिए युवाओं को निमंत्रण दिया गया।
मुख्य वक्ता गुहला हलका युवा अध्यक्ष नवदीप सीड़ा ने दावा करते हुए कहा कि यह सम्मेलन केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं की आवाज को बुलंद करने का प्रभावी मंच साबित होगा।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस सम्मेलन में भाग लें। उन्होंने कहा कि 23 मार्च भारतीय इतिहास का अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। इसी दिन शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी।
इस अवसर पर लखविंदर कसौर, राजीव सीड़ा, बब्बल हरिगढ़, मनीष सीड़ा, मनजिंदर घुमान, सतीश अंगोध, रमन राणा कसौर आदि मौजूद रहे।