वीरवार को कोर्ट में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद के लिए साक्षात्कार था, जिसके लिए सुबह से ही यहां भीड़ उमड़ी रही। बेरोजगारी की मार कहें या सरकारी नौकरी का क्रेज, यहां बीटैक पास तक युवा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के लिए लाइन में लगे हुए नजर आए। जानकारी के मुताबिक 6 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए 8 हजार से अधिक लोगों ने हरियाणा सहित दूसरे प्रदेशों से भी आवेदन किए हैं। पहले दिन 872 को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। 20 मार्च तक साक्षात्कार चलेंगे। इंटरव्यू देन के लिए आए अमन, अनिल, अनुराग, अमनदीप, अमरजीत, अनवर, अनीरूद्ध, और आरती ने बताया कि फरवरी माह में जिला कोर्ट में चतुर्थ श्रेणी के छह पदों के लिए फार्म निकले थे, जिसके लिए उन्होंने फार्म भरा था। उसके लिए इंटरव्यू देने के लिए बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि वीरवार से अ अक्षर से शुरू होने वाले नाम के उम्मीदवारों का इंटरव्यू शुरू हुआ है। जो अक्षरों के अनुसार इंटरव्यू 20 मार्च तक चलेंगे।
बी टैक व अन्य डिग्री धारक पहुंचे: भर्ती के लिए योग्यता दसवीं पास रखी गई थी। लेकिन जब इंटरव्यू के लिए उम्मीदवारों को बुलाया गया तो पाया कि चतुर्थ श्रेणी के लिए बीए से लेकर एमएससी और बीटेक योग्यता वाले उम्मीदवारों ने भी पहुंचे हुए हैं। अमित, अमीन, अमीशा, अमरीक, आंनद, अंग्रेज, अनील पाल, अनीत ने बताया कि छह पदों के लिए फार्म निकले थे लेकिन बेरोजगारी ज्यादा होने के कारण 8,786 उम्मीदवारों ने फार्म अप्लाई किए, जिनमें से 662 उम्मीदवारों के फार्म अंतिम तिथि के अनुसार पहुंचने में देरी होने के कारण रिजेक्ट कर दिए गए हैं। इंटरव्यू के लिए 8124 उम्मीदवारों को बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इतनी बेरोजगारी है कि जिले की केवल छह पदों की भर्ती पर औसत निकाली जाए तो एक पद के लिए 1354 उम्मीदवारों ने अप्लाई किया है।
अमनदीप, अमरजीत, अनवर, व अनीरूद्ध ने बताया कि उन्हें बीए और एमए तक पढ़ाई करके पीयन के पद के लिए फार्म अप्लाई किया है। उन्होंने कहा उनके लिए यह शोभा तो नहीं देता लेकिन योग्यतानुसार काम न मिलने से मजबूरीवश चतुर्थ श्रेणी के लिए कोशिश की है। प्राइवेट नौकरी में परिवार का गुजार न होने से सरकारी के लिए प्रयास कर रहे हैं।