कैथल। नौकरियों में आईटीआई को प्राथमिकता देने के बाद युवाओं का आईटीआई करने के प्रति रुझान लगातार बढ़ रहा है। इसका परिणाम ये है कि इस बार आईटीआई में अब तक करीब 97 प्रतिशत सीटों पर दाखिले हो चुके हैं। बीते वर्षों में जहां आईटीआई में 10 से लेकर 15 प्रतिशत तक सीटें हर बार खाली रह जाती थी, इस बार मात्र तीन प्रतिशत सीटें ही विभिन्न ट्रेडों में खाली हैं। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने 23 सितंबर तक आईटीआई में ऑन द स्पॉट दाखिले करवाने का समय विद्यार्थियों को दिया है। ऐसे में इस बार 100 प्रतिशत सीटों पर दाखिले के आसार बने हुए हैं।
गौरतलब है कि कैथल की राजकीय आईटीआई में 1220 सीटों में से 1165 सीटों पर दाखिला हो चुका है। जो 55 सीट बकाया हैं। इन सीटों पर युवाओं को 600 रुपये प्रतिमाह अतिरिक्त फीस का भुगतान करदाखिला है। कैथल की आईटीआई में 97 प्रतिशत व महिला आईटीआई कैथल में 93 प्रतिशत सीटों पर दाखिला हो चुका है। दाखिला पूरी तरह से मेरिट आधार पर किया जा रहा है। जिले की बात की जाए तो जिले में नौ राजकीय और 10 निजी आईटीआई हैं। इनमें कुल 4500 सीटों पर दाखिला किया जा रहा है। सरकारी आईटीआई में दाखिला 95 प्रतिशत पार हो चुका है, लेकिन निजी आईटीआई में दाखिला अपेक्षाकृत कम है। इस बार सेना में अग्निवीर की भर्ती में आईटीआई पास युवाओं को डिप्लोमा के पांच प्रतिशत अंक दिए जा रहे हैं। यही नहीं सेना व रेलवे में ट्रेडसमैन की भर्ती निकाली जा रही हैं जिनमें आईटीआई का डिप्लोमा अनिवार्य किया गया है। यही कारण है कि युवा बढ़ चढक़र आईटीआई में दाखिला ले रहे हैं। इसके अलावा उद्योगों को कुशल कारीगरों की जरूरत होती है जो केवल आईटीआई से ही उपलब्ध हो पाते हैं। आईटीआई का डिप्लोमा पास करने वाले युवाओं को कंपनियां अप्रेंटिस पर भी 10 से 12 हजार रुपये शिक्षुता भत्ता मुहैया करवा रही हैं। कुछ युवाओं का कहना है कि आईटीआई का डिप्लोमा करने के बाद युवाओं को विदेशों में भी आसानी से काम हासिल हो रहा है।
ये हैं रिक्त सीटें
कोर्स का नाम सीटों की संख्या
कारपेंटर - 09
डीएएम - 04
इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक - 02
मशीनिस्ट ग्राइंडर - 02
मैकेनिक ट्रैक्टर - 05
पेंटर जनरल - 05
पलंबर - 04
एसएसए अंग्रेजी - 05
टीपीइएस - 04
टूल एंड डाई - 04
टर्नर - 06
वेल्डर - 05
आईटीआई के जिला नोडल अधिकारी सतीश मच्छाल ने बताया कि इस बार आईटीआई में रिकॉर्ड दाखिला हुआ है। पहली बार दाखिले की प्रतिशतता 90 प्रतिशत के पार हुई है। बची सीटों पर भी दाखिला प्रक्रिया जारी है। विद्यार्थी 23 सितंबर तक दाखिला ले सकते हैं।