संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल / पूंडरी। जिले के प्रशासनिक सचिव, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विकास गुप्ता ने सोमवार को कैथल की नई अनाज मंडी, अतिरिक्त अनाज मंडी व पूंडरी अनाज मंडी का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया के दौरान उठान का कार्य समयबद्ध तरीके से चलता रहना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने धान उठान के कार्य में तेजी लाने की हिदायत दी।
प्रशासनिक सचिव ने कहा कि किसानों की फसल की तय समय पर खरीदी की जा रही है। मंडियों में जो भी व्यवस्था प्रशासन ने बनाई हैं, उन्हें निरंतर सही रखें, ताकि किसानों, मजदूरों, व्यापारियों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो। इस मौके पर डीसी प्रशांत पंवार मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों व आढ़तियों से बातचीत की। गेट पास व पूरे रिकार्ड का निरीक्षण करते हुए पूरी खरीद प्रक्रिया की फीडबैक ली। ढेरियों पर जाकर नमी मापक यंत्रों से नमी की जांच की। उन्होंने मौके पर ही ट्रांसपोर्टर को निर्देश दिए कि धान उठान के कार्य में और अधिक तेजी लाई जाए, जिससे मंडियों में दूसरे किसानों को फसल लेकर आने में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं हो। उन्होंने कहा कि जैसे ही किसान फसल लेकर आता है उसका गेट पास तुरंत कटे और संबंधित एजेंसी तय समय पर किसान की फसल को खरीदने का कार्य करना सुनिश्चित करें।
इस दौरान डीसी प्रशांत पंवार ने कहा कि खरीद कार्य को समुचित ढंग से चलाने के लिए पूर्व में ही अधिकारियों की नियुक्तियां की गई हैं। मंडियों में मूलभूत सुविधाएं निरंतर दी जा रही हैं। मेरी फसल-मेरा ब्योरा पर पंजीकृत किसानों के गेट पास तय शेड्यूल के अनुसार काटे जा रहे हैं। उठान के कार्य में तेजी लाई गई है। भविष्य में इसी प्रकार पूरी खरीद प्रक्रिया को समुचित ढंग से चलाया जाएगा। इस मौके पर एसडीएम कपिल कुमार, डीएफएससी निशांत राठी, डीएमईओ अनुभव वालिया, हैफेड डीएम सुरेश कुमार, सचिव बसाऊ राम आदि मौजूद रहे।