संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लघु सचिवालय में वीरवार को उपायुक्त डीसी प्रीति ने सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने चंदाना रोड पर सिद्धि विनायक मिल के पास एक झुके हुए पेड़ को कटवाने में देरी करने पर वन विभाग के अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश जारी किए।
इसके साथ ही उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ भी नाराजगी जताई। करनाल रोड पर लोक निर्माण विभाग की सड़क को बिना अनुमति के उखाड़ने पर जनस्वास्थ्य विभाग में संबंधित अधिकारी के खिलाफ डेली डायरी रिपोर्ट (डीडीआर) दर्ज करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर तय समय सीमा में इस सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो डीडीआर को एफआईआर में बदल दिया जाए।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सड़क हादसों के आंकड़े और चेतावनी ः डीसी ने बताया कि मई माह में 31 सड़क हादसे हुए और इनमें 26 लोगों ने जान गंवाई है। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त चालान कार्रवाई की जाए। डीसी ने कहा कि अगली बैठकों में केवल विभागाध्यक्ष ही भाग लें, और बैठक में आने से पहले अपने विभाग से संबंधित एजेंडा को अच्छी तरह पढ़कर आएं।
इस अवसर पर एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, आरटीए गिरीश कुमार, कैथल एसडीएम अजय सिंह, कलायत एसडीएम अजय हुड्डा, डीएसपी सुशील प्रकाश, पीडब्ल्यूडी अधीक्षक अभियंता नवनीत कुमार, डीडीपीओ कंवर दमन आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
सड़क सुरक्षा के संदर्भ में दिए निर्देश
n
सभी विभाग सड़क सुरक्षा को लेकर सभी जरूरी एहतियात बरतें।
n
लोक निर्माण विभाग, मार्केटिंग बोर्ड और नगर निकाय विभाग अपनी-अपनी सड़कों की मरम्मत करें।
n सड़कों की बर्म की सफाई और मजबूती सुनिश्चित की जाए।
n
गांवों में मनरेगा और शहरों में मशीनों से बर्म सफाई कराई जाए।
n बर्म पर अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाए।
n
सभी जेई से प्रमाण पत्र लिया जाए कि उनके अधीन आने वाली सड़कों की बर्म ठीक स्थिति में है।
उपायुक्त के अन्य आदेश
n
वन विभाग से कहा, सड़कों के किनारे लगे पेड़ों की टहनियों की नियमित छंटाई की जाए, ताकि वे यातायात में बाधा न बनें।
n
नगर निकाय को विश्वकर्मा चौक व अन्य स्थानों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश।
n
पुलिस विभाग को छोटू राम चौक पर एक सप्ताह के लिए ट्रायल के तौर पर वन-वे यातायात व्यवस्था लागू करने के लिए कहा।
n एनएचएआई को तितरम मोड़ के कार्य में तेजी लाने के निर्देश।
ओवरलोड वाहनों के चालान के साथ करवाएं डी-लोड
जिला उपायुक्त प्रीति ने ओवरलोड वाहनों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए आरटीए विभाग को ऐसे वाहनों के चालान करने और उन्हें तत्काल प्रभाव से सड़क से हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक वाहन मालिक अतिरिक्त भार को कम नहीं करते, तब तक उन्हें सड़क पर चलने की अनुमति न दी जाए। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि पराली और तुड़ा ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रालियों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाना अनिवार्य किया जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। आरटीए गिरीश कुमार ने बताया कि मई माह में पुलिस विभाग ने कुल 7,852 चालान करते हुए 49,57,750 रुपये का जुर्माना वसूला है। वहीं आरटीए विभाग ने ओवरलोडिड वाहनों के खिलाफ 125 चालान कर 45,43,500 रुपये का जुर्माना लगाया है।