संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। यातायात थाना में मंगलवार को डीएसपी ट्रैफिक सुशील प्रकाश ने यातायात विभाग के कर्मचारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही, नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने की रूपरेखा भी तय की गई।
बैठक में डीएसपी ने निर्देश दिए कि यातायात पुलिस कर्मी आमजन के साथ विनम्रता से पेश आएं और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए उनका सहयोग प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी न केवल चालान करें, बल्कि लोगों को यातायात नियमों और रोड सेफ्टी के प्रति निरंतर जागरूक भी करें।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय कभी भी जल्दबाजी में ट्रैफिक सिग्नल न तोड़ें। ऐसा करने से दुर्घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वाहन चालक को यातायात नियमों की जानकारी होनी चाहिए और उनका पालन करना चाहिए, ताकि स्वयं व दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि जिला पुलिस आमजन के सहयोग से ही जिले में बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रख सकती है। बैठक में ट्रैफिक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नरेश कुमार आदि मौजूद रहे।