संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लघु सचिवालय में वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। शिकायतों के निवारण को लेकर एडीसी सुशील कुमार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों के निपटान में किसी प्रकार की देरी न हो और प्रत्येक मामले का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में लुधियाना निवासी एक बुजुर्ग महिला ने कैथल में अपने दिवंगत पुत्र के मकान पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत दर्ज करवाई। एडीसी ने मामले को पुलिस विभाग को भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
एडीसी सुशील कुमार ने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो शिकायतें तत्काल समाधान योग्य हैं, उनका मौके पर ही निपटान किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि मांग आधारित शिकायतों का विस्तृत विवरण तैयार कर सरकार को भेजा जाए। साथ ही समाधान शिविर पोर्टल की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर अपडेट करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, डीएसपी रमेश कुमार, जिला राजस्व अधिकारी चंद्रमोहन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
ये शिकायतें भी पहुंचीं
nकैथल की एक कॉलोनी निवासी एक महिला ने प्लॉट के इंतकाल में क्षेत्रफल कम दर्ज होने से संबंधित राजस्व त्रुटि की शिकायत दर्ज करवाई। इसमें एडीसी ने डीआरओ को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
nढांड क्षेत्र से ट्यूबवेल कनेक्शन को धोखाधड़ी कर ट्रांसफर किए जाने की शिकायत भी प्राप्त हुई। शिविर में गांव किठाना निवासी महिला ने मारपीट की शिकायत पर संबंधित पुलिस की ओर से कार्रवाई न किए जाने का आरोप लगाया और न्याय की गुहार लगाई।