संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। उपायुक्त प्रीति ने कहा कि सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है, इसलिए नवंबर से जनवरी तक के महीनों को ध्यान में रखते हुए सभी सड़कें पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए। जिले में नए बनाए गए और मरम्मत किए गए सभी मार्गों की स्पष्ट मार्किंग की जाए तथा सड़कों पर साइन बोर्ड, सफेद पट्टियां और रिफ्लेक्टर लगाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि धुंध के कारण दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
लघु सचिवालय स्थित सभागार में शुक्रवार को सड़क सुरक्षा एवं स्कूल वाहन समिति की बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए डीसी ने कहा कि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल से कार्य करें और यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन भी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी विभाग की लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सितंबर माह में जिले में 19 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 12 लोगों की मृत्यु हुई। अधिकांश मामलों में नागरिकों द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी सामने आई।
डीसी ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि अंडर-एज वाहन चालकों के वाहन तुरंत जब्त किए जाएं और कोचिंग सेंटरों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक स्कूटी चलाने वालों के लिए भी हेलमेट अनिवार्य है। सभी एसडीएम और आरटीए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे नवंबर माह में सभी स्कूल बसों की सघन चेकिंग करें।
उल्लेखनीय है कि अमर उजाला ने 26 अक्तूबर के अंक में सड़क सुरक्षा से जुड़ी अव्यवस्थाओं पर खबर प्रकाशित की थी, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
इस मौके पर जिप सीईओ सुरेश राविश, डीएमसी कपिल शर्मा, आरटीए गिरिश कुमार, एसडीएम अजय सिंह, गुहला एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह और कलायत एसडीएम अजय हुड्डा आदि मौजूद रहे।
सड़कों के सुधार कार्य पर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें ः डीसी प्रीति ने कहा कि संबंधित विभाग अपने अधिकार क्षेत्र की सड़कों के रखरखाव और सुधार कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करें। उन्होंने राजौंद रोड पर चल रहे कार्य की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। जन स्वास्थ्य विभाग और लोक निर्माण विभाग आपसी तालमेल से काम करें।
उन्होंने कैथल–चीका रोड के दुरुस्तीकरण कार्य में तेजी लाने तथा पैचवर्क को गुणवत्तापरक बनाने के निर्देश दिए। एसडीएम गुहला को कहा गया कि वे 10 नवंबर तक पैचवर्क का निरीक्षण कर कार्य पूरा करवाएं।
देवबन–किठाना रोड पर बर्म पर लगे बिजली के खंभे को एक सप्ताह के भीतर हटाने के निर्देश दिए गए। सभी सड़कों पर रिफ्लेक्टिंग टेप लगाने को भी अनिवार्य बताया गया।
दुकानदारों और रेहड़ियों को नोटिस जारी करें ः डीसी ने कैथल–करनाल रोड पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के दृष्टिगत लोक निर्माण विभाग और नगर परिषद को निर्देश दिए कि वे अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों व रेहड़ी वालों को तुरंत नोटिस जारी करें और अतिक्रमण हटवाएं।
उन्होंने तितरम मोड़ से देवबन तक की सड़क पर दो किलोमीटर लंबे हिस्से में कैट-आई, सफेद पट्टी और साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
पुराने बस स्टैंड पुल के जोड़ों (ज्वॉइंट्स) में गैप आने की स्थिति पर डीसी ने आरटीए को रेलवे विभाग को पत्र लिखने के निर्देश दिए। एसडीएम गुहला को पोलड़ पुल का निरीक्षण करने को कहा गया। उन्होंने आरटीए को यह भी निर्देश दिए कि प्राइवेट बस संचालक छात्राओं के साथ शालीन व्यवहार रखें, अन्यथा शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। जीएम रोडवेज और आरटीए को निर्देश दिए गए कि बसें सड़क सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन करें और ओवरलोड बसों का संचालन न किया जाए।