संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। पूंडरी के पास वीरवार को तेज रफ्तार इनोवा ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी और इसके बाद मरीज को लेकर कैथल जा रही एंबुलेंस को भी चपेट में ले लिया। हादसे में एंबुलेंस में सवार मरीज समेत तीन लोग घायल हो गए, जबकि बाइक चालक को भी चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दूसरी एंबुलेंस की मदद से मरीज व घायलों को कैथल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
गांव टयोंठा निवासी विजेंद्र सिंह ने बताया कि वह गांव से एक मरीज को एंबुलेंस के माध्यम से कैथल के नागरिक अस्पताल लेकर जा रहे थे। मरीज के गले की ट्यूब बदलवानी थी। इसी दौरान रास्ते में काले रंग की इनोवा ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी और इसके बाद एंबुलेंस को भी अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसा इनोवा चालक की लापरवाही के कारण हुआ।
विजेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में मरीज को भी चोटें आई हैं, जबकि उन्हें टांग और बाजू में गुम चोटें लगी हैं। बाइक चालक भी घायल हुआ है। एंबुलेंस चालक जितेंद्र सिंह ने बताया कि वे टयोंठा से मरीज को लेकर कैथल की ओर आ रहे थे। इसी दौरान इनोवा चालक ने उन्हें रास्ता नहीं दिया। चालक ने पहले बाइक को टक्कर मारी और बाद में एंबुलेंस को भी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस में मरीज समेत तीन लोग सवार थे और सभी को चोटें आई हैं।
जांच अधिकारी कश्मीर सिंह ने बताया कि पुलिस को हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को कैथल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।