कैथल। इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग भ्रष्टाचार और लूट का अड्डा बन चुका है। प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं और विवादों के विरोध में इनेलो 18 मई को एचपीएससी कार्यालय का घेराव करेगी।
माजरा सेक्टर-20 स्थित अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवाओं के पास डिग्रियां होने के बावजूद नौकरियां दूसरे राज्यों के युवाओं को दी जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाए कि इंटरव्यू प्रक्रिया में हरियाणा के युवाओं को कम अंक और बाहर के उम्मीदवारों को अधिक अंक दिए जा रहे हैं जिसके कारण चयन में असंतुलन देखने को मिल रहा है।
उन्होंने दावा किया कि मनोविज्ञान प्रोफेसर विषय के 85 पदों पर केवल तीन भर्ती हुईं। कंप्यूटर साइंस के 1711 पदों के लिए 5100 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी लेकिन इनमें से केवल 39 उम्मीदवारों का चयन हुआ। इससे 98 प्रतिशत पद खाली रह गए। वहीं अंग्रेजी असिस्टेंट प्रोफेसर के 613 पदों के लिए 2143 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी जिनमें से 151 का चयन हुआ और बाद में इस भर्ती को हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी के कारण प्रदेश के युवा मानसिक तनाव और अवसाद का शिकार हो रहे हैं।