संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने प्रदेश में धान की सरकारी खरीद में कथित धांधली और किसानों की आर्थिक लूट के आरोप लगाते हुए मंडी में विरोध प्रदर्शन किया।
इनेलो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मास्टर बलबीर सिंह, जिला अध्यक्ष सलिंन्द्र प्रताप राणा और हलका अध्यक्ष राजवीर ढुल की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने मार्केट कमेटी सचिव को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
इनेलो नेताओं का कहना है कि सरकारी खरीद एजेंसियां और राइस मिल्स मिलकर धान में नमी का बहाना बनाकर किसानों से भारी अवैध कटौती कर रही हैं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,369 रुपए प्रति क्विंटल और ए-ग्रेड धान का मूल्य 2,389 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसके बावजूद, सरकारी एजेंसियां नमी के नाम पर 200 से 300 रुपए प्रति क्विंटल तक की कटौती कर रही हैं।
नेताओं ने यह भी कहा कि किसानों को दिए जाने वाले जे-फार्म में अंकित राशि पूरी तरह से भुगतान नहीं की जा रही, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इनेलो पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया, तो वे किसानों के हक के लिए अपना विरोध और तेज करेंगे।