कैथल। सड़क हादसे में घायल गांव सिसमौर निवासी 55 वर्षीय भैंस व्यापारी की इलाज दौरान मौत हो गई। मामले की पूंडरी पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने पूंडरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली।
पूंडरी पुलिस को दी शिकायत में सिसमौर निवासी दीपक कुमार ने बताया कि वह अपने पिता भगवानदास के साथ भैंसों का व्यापार करता था। 25 अप्रैल को दोपहर 12:15 बजे वह पिता के साथ रसीना के पास सड़क से गुजर रहा था। तभी पीछे से पूंडरी की ओर से आई एक सफेद रंग की ऑल्टो कार ने पिता को टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दीपक ने बताया कि चालक कुछ देर के लिए गाड़ी से उतरा, लेकिन स्थिति देखकर मौके से भाग गया। मौके पर मौजूद लोगों ने निजी एंबुलेंस की मदद से उसके घायल पिता को नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शाह अस्पताल रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर 27 अप्रैल को उसके पिता को पीजीआई चंडीगढ़ सेक्टर-12 में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
दीपक ने बताया कि कार के मालिक ने इलाज का खर्च उठाने की बात कही थी तभी शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई। जांच अधिकारी एएसआई गुरदीप ने बताया कि चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद