संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नागरिक संसाधन सूचना विभाग (क्रीड) के कर्मचारी अब परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) के साथ-साथ आधार कार्ड बनाने और अपडेट करने की सेवा भी प्रदान कर रहे हैं। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि यदि काम के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क मांगता है तो उसकी शिकायत करें, उन पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह सुविधा नगर पालिका कैथल, बीडीपीओ कार्यालय कैथल, बीडीपीओ कार्यालय चीका, बीडीपीओ कार्यालय सीवन, नगर पालिका कलायत, नगर पालिका राजौंद, बीडीपीओ व नगर पालिका कार्यालय पूंडरी व तहसील कार्यालय ढांड में उपलब्ध है। यहां पर कोई भी नागरिक संबंधित दस्तावेजों के साथ निशुल्क अपना नया आधार कार्ड बनवा सकता है और पुराना अपडेट करवा सकता है।
उन्होंने बताया कि कोई भी नागरिक संबंधित दस्तावेजों के साथ इन केंद्रों पर जाकर नया आधार कार्ड बनवा सकता है या पुराने आधार में अपडेट करवा सकता है, वह भी बिना किसी शुल्क के।
शुल्क न मांगने के सख्त निर्देश ः एडीसी करवा ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि यदि कोई नागरिक आधार से संबंधित सेवा के लिए आता है, तो उसका कार्य नियमानुसार और निशुल्क किया जाए। यदि किसी कर्मचारी के खिलाफ शुल्क वसूलने की शिकायत मिलती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
माई आधार पोर्टल पर स्वयं करें अपडेट ः उन्होंने बताया कि नागरिक स्वयं भी 14 जून 2025 तक माई आधार पोर्टल के माध्यम से नाम, पता, जन्मतिथि और लिंग जैसी जानकारियों को निःशुल्क अपडेट कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने आधार नंबर से लॉगइन करना होगा।
हालांकि, आधार केंद्र पर जाकर करवाए जाने वाले अपडेट के लिए निर्धारित शुल्क देना होगा। लेकिन 5 से 7 वर्ष और 15 से 17 वर्ष के बच्चों के लिए बायोमेट्रिक अपडेट (फिंगरप्रिंट, आईरिस व फोटो) एक बार निशुल्क रहेगा।
एडीसी ने आमजन से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति निर्धारित शुल्क से अधिक राशि की मांग करता है, तो बिना संकोच शिकायत दर्ज कराएं। यह सेवा सभी के लिए पारदर्शी और निःशुल्क सुनिश्चित की गई है।