संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी की ओर से रविवार को अंबाला रोड स्थित एक निजी होटल में मासिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में करनाल के सरस्वती नेत्रालय के सुप्रसिद्ध नेत्र चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. सलिल गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सलिल गुप्ता ने प्रोजेक्टर के माध्यम से आंखों में होने वाली विभिन्न बीमारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर उचित और आधुनिक उपचार से हम अपनी आंखों को सुरक्षित रख सकते हैं। विशेष रूप से उन्होंने मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से होने वाली आंखों की समस्याओं पर ध्यान देने की सलाह दी और वरिष्ठ नागरिकों के आंखों संबंधित प्रश्नों का समाधान किया।
मंच संचालन करते हुए महासचिव धन सचदेवा ने बताया कि बैठक का शुभारंभ विधिवत सामूहिक रूप से गायत्री मंत्र से किया गया। इसके बाद उन्होंने बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को पवित्र श्रावण माह की महिमा और अगस्त माह के तीज-त्योहारों जैसे रक्षा बंधन, स्वतंत्रता दिवस, और श्री कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
वरिष्ठ साथी रामलाल कालड़ा, कमलेश चावला, और कमल मिगलानी ने भक्तिमय भजनों से कार्यक्रम को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य संरक्षक महेश दुआ ने अपनी चिर-परिचित शेरों-शायरी से मुख्य अतिथि डॉ. सलिल गुप्ता, कैथल के वरिष्ठ डॉ. दंपती डॉ. एमसी गर्ग, डॉ. राजरानी गर्ग, भूपेंद्र और उपस्थित नागरिकों का अभिनंदन किया।
बैठक की अध्यक्षता प्रधान नरेंद्र निझावन और मुख्य संरक्षक महेश दुआ ने की। प्रधान नरेंद्र निझावन ने सोसाइटी के नवनिर्माण भवन के बारे में किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कई बार वरिष्ठ नागरिक समस्याएं लेकर आते हैं, जिनका समाधान वे उनके परिवार के साथ मिलकर करते हैं।
जन्मदिन पर किया सम्मानित
बैठक में अगस्त माह में जन्मे वरिष्ठ साथियों—सोम प्रकाश गोयल, हरीश पुरी, बालकृष्ण बतरा, सुधीर मदान, गुलशन चुघ, सतपाल धीमान, ईश्वर दास अरोड़ा, कृष्ण बठला, शांति देवी गेरा, कमल मिगलानी, शशी बाला, राजरानी गम्भीर, और कमलेश चावला का जन्मदिन सम्मान पट्टिका पहनाकर और उपहार भेंट कर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।