संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आईजी महिला कॉलेज के करियर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ द्वारा गोकबोरू टेक प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से एक विशेष कॅरिअर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जानकारी दी गई कि बिना शुल्क उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण लिया जा सकता है। इसके बाद नौकरी मिलने के बाद फीस देनी होगी।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता कंपनी की व्यवसाय विकास प्रबंधक अर्शिता सेठ थीं। उन्होंने छात्रों को कंपनी के “प्लेसमेंट के बाद भुगतान” मॉडल के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अर्शिता ने बताया कि इस पहल के तहत छात्रों को बिना किसी अग्रिम शुल्क के उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण दिया जाता है और प्रशिक्षण शुल्क केवल नौकरी मिलने के बाद ही लिया जाता है। उन्होंने प्रशिक्षण के विभिन्न पहलुओं पर भी प्रकाश डाला, जिनमें संचार कौशल, तकनीकी ज्ञान, रिज्यूमे निर्माण, साक्षात्कार की तैयारी और रियल प्रोजेक्ट एक्सपीरियंस शामिल हैं।
कंपनी वर्तमान में व्यवसाय विकास, वेब डिवेलपमेंट, कस्टमर सपोर्ट और टेक्निकल सपोर्ट जैसे क्षेत्रों में देश के विभिन्न शहरों में प्लेसमेंट प्रदान कर रही है। चयनित उम्मीदवारों को 20 से 30 हजार रुपये मासिक वेतन मिलने की संभावना है।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. प्रियंका बिंदलिश और करियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल प्रभारी डॉ. श्वेता अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया। महाविद्यालय के प्रधान राम बहादुर खुरानिया, प्राचार्य डॉ. आरती गर्ग और संयुक्त सत्र प्रभारी प्राचार्य श्वेता तंवर ने कार्यक्रम की सराहना की और उपयोगी बताया।