कैथल। जिले में लगातार बढ़ रही ठंड से नागरिक अस्पताल में गले के संक्रमण से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। गले के संक्रमण के कारण मरीजों को खांसी, जुकाम और बुखार जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिक अस्पताल में तैनात ईएनटी चिकित्सक के अनुसार प्रतिदिन लगभग 100 मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं, जिनमें करीब 40 फीसदी मरीज गले के संक्रमण और बुखार की शिकायत लेकर आ रहे हैं।
शेष 60 फीसदी मरीज कान, नाक व अन्य ईएनटी से जुड़ी बीमारियों के उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। चिकित्सक ने बताया कि गले के संक्रमण से पीड़ित मरीजों के उपचार में है। इसका मुख्य कारण मौसम में बढ़ती ठंड और तापमान में लगातार गिरावट है।
ठंड के मौसम में ठंडा खाने-पीने और ठंड लगने से बुखार व गला खराब होने की समस्या अधिक देखने को मिल रही है। जिला के नागरिक अस्पताल में स्थित ईएनटी ओपीडी पर रोजाना मरीजों की भीड़ बनी रहती है।
कुछ मरीजों की हालत अधिक गंभीर होने पर उन्हें भर्ती भी करना पड़ रहा है। यही स्थिति निजी अस्पतालों में भी देखने को मिल रही है, जहां गले के संक्रमण से प्रभावित मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण उपचार के लिए कतारें लग रही हैं। संवाद