कैथल। होली के त्योहार पर बस अड्डा व रेलवे स्टेशन पर भीड़ बढ़ गई है। बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने पैतृक स्थानों के लिए रवाना हो रहे हैं। शनिवार को कैथल बस अड्डे पर यात्रियों की काफी भीड़ देखी गई। सुबह ही बस अड्डा पर अन्य दिनों से ज्यादा यात्री देखे गए।
सबसे ज्यादा संख्या उत्तर प्रदेश व बिहार के लोगों की दिखी। विदित रहे कि पिछले कई दिनों से दिल्ली रूट पर जाने वाली बस में पानीपत तक यात्रियों को खड़ा होकर जाना पड़ रहा है, जबकि एक सप्ताह पहले तक यात्री आराम से सीट पर बैठकर सफर कर रहे थे। दिल्ली रूट पर कैथल डिपो यात्रियों की संख्या के अनुसार बस चला रहा है। स्पेशल कर्मचारियों की ड्यूटी इस रूट पर लगा दी गई है। निजी बसों में भी यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ गई है। रेलवे स्टेशनों पर भी स्थिति सामान्य दिनों के मुकाबले अलग नजर आ रही है। दिनभर प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ रही और ट्रेनों में चढ़ने-उतरने में लोगों को मशक्कत करनी पड़ी। बस अड्डे पर रोडवेज टीएम, अड्डा इंचार्ज भी दिनभर गश्त कर रहे है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
तीन दिन में रोडवेज की आमदनी में हुआ दो लाख तक इजाफा : पिछले दो दिनों में रोडवेज की आमदन में भी दो लाख रुपये तक का इजाफा हो गया है। 14 से 16 लाख रुपये आमदनी पहुंच गई है, जबकि पहले यह आमदनी 13 लाख रुपये के आसपास थी। रोजाना रोडवेज की बसों में 15 से 20 हजार यात्री सफर कर रहे हैं। चालक व परिचालकों से रोटेशन के अनुसार ड्यूटी लगा दी गई है, ताकि शाम के समय बस संचालन में किसी प्रकार की यात्रियों को दिक्कत न आए।