संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में वीरवार को अचानक मौसम में परिवर्तन हुआ और आसमान में काली घटा छा गई। इसके बाद बारिश व कई जगहों पर ओलावृष्टि हुई। इस दौरान करीब आठ किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली तेज हवा से तापमान में गिरावट होने से ठंड में इजाफा हो गया। नरड़ गांव, खुराना गांव, खेड़ी गुलाम अली में ओलावृष्टि की भी खबर है। गुहला चीका में 29 एमएम, सीवन में 80 एमएम, कैथल में 13 एमएम बारिश दर्ज की गई। मौसम में बदलाव से वायु गुणवत्ता सूचकांक में भी थोड़ा सुधार हुआ और एक्यूआई 225 दर्ज किया गया।
जिले में औसतन 20 एमएम बारिश बताई गई है। उधर, बारिश के बाद शहर की कॉलोनियों व मुख्य सड़कों पर हुए जलभराव से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। उधर, अनाज मंडी में खुले आसमान के नीचे पड़ी धान की लगभग 20 ढेरियां भीग गई। जलभराव से पानी में कुछ धान भी बह गया। बारिश से होने से तापमान में दो-तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वीरवार को अधिकतम तापमान 21.1 और न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
गौरतलब है कि जिले के कई कस्बों में सुबह साढ़े सात बजे से ही बारिश होने लगी थी। कैथल में दोपहर 12 बजे मौसम में परिवर्तन हुआ और आसमान में काली घटा छा गई। एक समय मौसम ऐसा हुआ कि दोपहर के समय में देर शाम जैसा नजारा दिखने लगा। इस बीच बूंदाबांदी शुरू हो गई और करीब दो घंटे तक झमाझम बारिश हुई। नरड़ गांव, खुराना गांव, खेड़ी गुलाम अली में ओलावृष्टि होने की जानकारी मिली है।
बारिश से दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। करनाल रोड, ढांड रोड, अंबाला रोड, शहीद भगत सिंह चौक, नरवानियां बिल्डिंग, पुराना बस अड्डा, अमरगढ़ गामड़ी, लघु सचिवालय मुख्य गेट, पार्क रोड, अनाज मंडी, टिंबर मार्केट, कबूतर चौक, रेलवे अंडर ब्रिज, जींद रोड, एसबीआई रोड सहित अन्य कॉलोनियों में जलभराव होने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के करीब दो घंटे बाद सड़कों से पानी की निकासी हो सकी।