आयकर विभाग करीब दर्जन भर से अधिक ठिकानों पर की जांच
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शहर के दो बड़े निर्यातकों के करीब दर्जन भर से अधिक ठिकानों पर आयकर विभाग ने वीरवार को बड़े स्तर पर अचानक छापेमार कार्रवाई की। करीब 35 गाड़ियों में 200 से अधिक कर्मचारियों ने शहर में दो बड़े चावल निर्यातकों के लगभग एक दर्जन से अधिक ठिकानों पर रेड की। अधिकारियों ने दोनों निर्यातक फर्मों के घरों, राइस मिलों, कार्यालयों सहित देश के दूसरे शहरों में स्थित उनके कार्यालयों में भी जांच अभियान चलाया। जिसमें एक फर्म के दिल्ली व मुंबई स्थित ठिकानों पर भी रेड की सूचनाएं हैं।
फरीदाबाद से आयकर विभाग (इन्वेस्टिगेशन) के संयुक्त सचिव शिवस्वरूप के नेतृत्व में करनाल स्थित कार्यालय के डिप्टी डायरेक्टर इंस्पेक्शन प्रेम सिंह सहित करीब 200 कर्मचारी 35 गाड़ियों में सवार होकर वीरवार सुबह कैथल पहुंचे। जहां ढांड रोड, अनाज मंडी सहित दो चावल निर्यातक फर्मों के घरों पर भी एक साथ रेड की। रेड की सूचना शहर में आग की तरह फैल गई। विभाग की टीम के साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। रेड के समय जो व्यक्ति अंदर था उसे अंदर ही रोक लिया गया और जो बाहर था, उसे अंदर जाने नहीं दिया गया। अंदर मौजूद लोगों के मोबाइल जमा करवाने सहित पूरी तरह से सील कर दिया गया। भारी पुलिस बल ने बाहर से किसी भी व्यक्ति सहित यहां तक की मीडिया को भी अंदर नहीं जाने दिया। करीब 12-13 जगहों पर देर रात तक जांच चलती रही।
शाम के समय अधिकारियों की अंबाला रोड स्थित आयकर विभाग कार्यालय में बैठक भी हुई। जिसमें पूरी कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। यहां अधिकारियों ने कहा कि वे अभी कुछ नहीं बता सकते। शुक्रवार सुबह ही कुछ जानकारी दी जा सकती है। फिलहाल जांच का कार्य जारी है।
दिन भर उड़ती रही अफवाहें, व्यापारियों व मिलर्स में मचा रहा हड़कंप
विभाग के इतने बड़े स्तर पर की गई कार्रवाई के चलते दिन भर शहर में चर्चाओं का माहौल गर्म रहा। जिसमें नोटबंदी के दौरान किए गए लेन-देन की जांच की चर्चाएं भी रहीं। वहीं कई बड़े व्यापारियों व मिलर्स में इस कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा।