कैथल। जिले की सड़कों पर वाहन चालकों की ओर से यातायात नियमों की अनदेखी करने के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने से लेकर सीट बेल्ट लगाए बिना कार दौड़ाने, तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन निकालने तक की लापरवाही की घटनाएं सामने आती हैं। इसका नतीजा सड़क हादसों में होने वाली मौतों और घायलों के आंकड़ों में दिखाई दे रहा है। जनवरी से अक्तूबर तक 10 माह में जिले में सड़क हादसों में 119 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 194 लोग घायल हुए हैं। वहीं जनवरी से सितंबर तक नौ माह में पुलिस ने 50 हजार 775 चालान काटकर 2 करोड़ 64 लाख 66 हजार 900 रुपये का जुर्माना लगाया है।
हेलमेट और सीट बेल्ट नहीं लगाने से बढ़ रहा जान का खतरा
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार सड़क हादसों में होने वाली मौतों के करीब 40 प्रतिशत मामलों में हेलमेट नहीं पहनने की बात सामने आई है। दोपहिया वाहन चालक ही नहीं, पीछे बैठने वाले सवार भी हेलमेट लगाने में लापरवाही बरतते हैं। इसी तरह चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट नहीं लगाने से जुड़े करीब पांच प्रतिशत मौत के मामले सामने आए हैं।
....
सात वर्षों में सड़क हादसों में 805 लोगों की मौत
जनवरी से अक्तूबर तक जिले में सड़क हादसों में 119 लोगों की मौत हो गई और 194 लोग घायल हुए। जनवरी में 13, फरवरी में छह, मार्च में 14 और अप्रैल में सबसे अधिक 16 लोगों की मौत हुई। मई में 15, जून में 10, जुलाई में 11, अगस्त में आठ, सितंबर में 14 और अक्तूबर में 12 लोगों ने जान गंवाई। अप्रैल में सबसे अधिक 31 लोग घायल हुए। वर्ष 2019 से 2025 तक सात वर्षों में सड़क हादसों में 805 लोगों की मौत और 1804 लोग घायल हुए।
-
नौ माह में 50 हजार 775 चालान, 2.64 करोड़ रुपये जुर्माना
पुलिस ने जनवरी से सितंबर तक 50 हजार 775 चालान काटे और 2 करोड़ 64 लाख 66 हजार 900 रुपये का जुर्माना लगाया। जनवरी में 5939 चालान पर 29 लाख 95 हजार 600 रुपये, फरवरी में 5116 पर 31 लाख 4 हजार 100 रुपये, मार्च में 6222 पर 34 लाख 56 हजार 300 रुपये और अप्रैल में 5971 चालान पर 38 लाख 43 हजार 800 रुपये का जुर्माना लगाया गया। मई में 6255 चालान पर सबसे अधिक 47 लाख 47 हजार 300 रुपये, जून में 4917 पर 24 लाख 36 हजार 600 रुपये, जुलाई में 5223 पर 18 लाख 45 हजार 200 रुपये, अगस्त में 4862 पर 22 लाख 56 हजार 500 रुपये और सितंबर में 6270 चालान पर 17 लाख 81 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
हाल के हादसों में इन लोगों ने गंवाई जान
30 अक्तूबर : गांव चंदलाना के पास ऑटो की टक्कर से बिजली निगम के एएलएम संजीव कुमार की मौत।
25 अक्तूबर : कैथल-पटियाला मार्ग पर गांव पोलड़ के पास फिरोजपुर निवासी अमरजीत (24) की मौत।
23 अक्तूबर : गांव बंदाराना निवासी हर्ष (20) और चीका रोड पर बिट्टू (36) की हादसों में मौत।
16 अक्तूबर : करनाल रोड पर शुगर मिल के पास कार पेड़ से टकराने पर अभिषेक, रक्षत और कृष्ण की मौत।
13 सितंबर : गांव बरसाना में बाइक की टक्कर से घायल 15 वर्षीय आयुष की इलाज के दौरान मौत।
3 सितंबर : सीवन में ट्रक की चपेट में आने से गांव मांडी निवासी छात्राएं नवनीत और गुर्णदीप कौर की मौत।
14 अगस्त : जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर पबनावा टोल के पास मिहिर सक्सेना और राजेश शर्मा की मौत।
7 अगस्त : एनएच-152डी पर गांव बरसाना के पास जाट लुहारी निवासी संदीप (26) की मौत।
10 जुलाई : एनएच-152डी पर पूंडरी-बरसाना रोड के पास ट्राले से कैंटर टकराने पर चालक सूर्यप्रकाश की मौत।
23 जून : गांव कौल के पास बाइक की टक्कर से सौरव (25) की मौत।
वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है। समय-समय पर पुलिस की ओर से वाहन चालकों को नियमों के बारे में जागरूक किया जाता है। वाहन चालकों को अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा का पालन करना चाहिए।
रमेश लौहान, यातायात थाना प्रभारी
बाइक पर फोन सुनकर जाता हुआ युवक। संवाद
बाइक पर फोन सुनकर जाता हुआ युवक। संवाद