कैथल के चिरंजीव कॉलोनी में नवनिर्मित गलियों का उद्घाटन करते विधायक आदित्य सुरजेवाला।
कैथल। वार्ड-6 स्थित चिरंजीव कॉलोनी में रविवार को विकास कार्यों को नई गति मिली, जब विधायक आदित्य सुरजेवाला ने नवनिर्मित गलियों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे और उन्होंने विधायक का फूलमालाओं व शॉल पहनाकर स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से गलियों के निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया गया है। उन्होंने विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से लोगों को राहत मिलेगी।
विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि चिरंजीव कॉलोनी के लोगों की समस्याओं और आवश्यकताओं से वे भलीभांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, गली और अन्य मूलभूत सुविधाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में वार्ड में और भी विकास कार्य करवाए जाएंगे। इस दौरान विधायक ने चिरंजीव कॉलोनी स्थित त्रिकोना पार्क के सौंदर्यीकरण, छायादार शेडों के निर्माण और आधुनिक ओपन जिम स्थापित करने के लिए 15 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी व पार्क को नया स्वरूप मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों ने पेयजल आपूर्ति संबंधी समस्या भी विधायक के समक्ष रखी। इस पर विधायक ने मौके पर ही जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) से बातचीत कर समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। पार्षद प्रीति शर्मा और पार्षद प्रतिनिधि दिनेश शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में पानी की समस्या, टूटी गलियां और पार्क की बदहाल स्थिति लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। नवनिर्मित गलियों के उद्घाटन और पार्क के लिए निधि स्वीकृत होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। इस अवसर पर पार्षद प्रीति शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि दिनेश शर्मा, वार्ड प्रधान जितेंद्र कथूरिया, भूपेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।