06-कैथल। नगर परिषद भवन में अटल सेवा केंद्र का शुभारंभ करते हुए अध्यक्ष सुरभि गर्ग।
- फोटो : Kaithal
कैथल। नगर परिषद अध्यक्ष सुरभि गर्ग ने नगर परिषद कार्यालय में सोमवार को कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) का शुभारंभ किया। वहां लोग ऑनलाइन कार्य निशुल्क करवा सकेंगे।
अब तक शहर में विभिन्न निजी जगहों पर स्थित सीएससी सेंटरों पर जाकर अपने काम करवाने पड़ते हैं, जहां कई बार अधिक वसूली की शिकायतें मिलती रहती हैं। अब नगर परिषद में वे निशुल्क या फिर केवल सरकारी फीस अदा करके अपने कार्य करवा सकेंगे। नगर परिषद अध्यक्ष सुरभि गर्ग ने कहा कि शहर में लंबे समय से यह जरूरत महसूस की जा रही थी कि नगर परिषद में भी एक ऐसा कॉमन सर्विस सेंटर हो, जहां लोग प्रॉपर्टी आईडी हो या फिर नगर परिषद की किसी सेवा से संबंधित वह कार्य, जो सीएससी सेंटर में होता है, उसके लिए यहां एक केंद्र खोला जाए।
शहर के लोग निजी केंद्रों पर जाकर यह काम करवाने के लिए जाते हैं। इसी कारण यहां सीएससी सेंटर खोला है, ताकि लोग यहां ऑनलाइन सेवाओं से संबंधित कार्य निर्धारित सरकारी नियम के तहत करवा सकें। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अनावश्यक वसूली की शिकायत सहन नहीं की जाएगी। नगर परिषद में प्रयास रहेगा कि लोगों को हर तरह की सुविधा मिले और उन्हें बेवजह भटकना न पड़े। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा नेता सुरेश गर्ग, ईओ कुलदीप मलिक व कई पार्षद मौजूद रहे।